जेवर विधानसभा क्षेत्र से नई राजनीतिक खबर सामने आई है। वर्ष-2022 के विधानसभा चुनाव में बसपा के टिकट पर जेवर की सीट से चुनाव लडऩे वाले नरेन्द्र भाटी डाढ़ा ने नई दावेदारी ठोंक दी है।

Jewar News : जेवर विधानसभा क्षेत्र से नई राजनीतिक खबर सामने आई है। वर्ष-2022 के विधानसभा चुनाव में बसपा के टिकट पर जेवर की सीट से चुनाव लडऩे वाले नरेन्द्र भाटी डाढ़ा ने नई दावेदारी ठोंक दी है। नरेन्द्र भाटी डाढा इन दिनों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में हैं। नरेन्द्र भाटी डाढा ने भारतीय जनता पार्टी की तरफ से विधानसभा चुनाव लड़नेकी तैयारी तेज कर दी है।
आपको बता दें कि नरेन्द्र भाटी डाढा गौतमबुद्धनगर जिले के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह डाढा के छोटे भाई हैं। वर्ष-2022 में वीरेन्द्र सिंह डाढा ने अपने भाई को जेवर से बसपा का टिकट दिलवाया था। इन दिनों वीरेन्द्र सिंह डाढा एनडीए के घटक दल निषाद पार्टी के नेता हैं। हाल ही में वीरेन्द्र सिंह डाढ़ा ने निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद की रैली नोएडा में कराई है। दूसरी तरफ वीरेन्द्र डाढा के भाई नरेन्द्र भाटी डाढा भाजपा में सक्रिय हैं। नरेन्द्र भाटी जेवर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। उनके अभियान को जेवर विधानसभा क्षेत्र से टिकट की दावेदारी के रूप में देखा जा रहा है।
आपको बतादें कि बुधवार को भाजपा के गाँव चलो अभियान के तहत जेवर विधानसभा क्षेत्र (63) के पूर्व प्रत्याशी नरेंद्र भाटी डाढ़ा ने विभिन्न गांवों में व्यापक जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने दनकौर मंडल के पारसौल, रबूपुरा मंडल के नंगला चांदन तथा जेवर मंडल के हुमायूंपुर और खाजपुर गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। जनसंपर्क के दौरान नरेंद्र भाटी डाढ़ा ने आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। नरेंद्र भाटी डाढ़ा ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में आज आमजनमानस स्वयं को सुरक्षित महसूस करता है तथा देश और प्रदेश में सुशासन स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों और युवाओं के लिए चलाई जा रही योजनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि सरकार समाज के हर वर्ग के विकास और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय से लेकर आज तक पार्टी के संघर्ष और विचारधारा को याद करते हुए कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को संगठन की मजबूती के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी सदस्य जगदीप नागर, नमित भाटी, योगेश नागर, प्रिंस गोस्वामी, दीपक भाटी, अंकित मलिक, ठाकुर निखिल भाटी, आकाश शर्मा, राजशेखर व प्रीत सहित अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। Jewar News