Advertisement
Advertisement
उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित जेवर एयरपोर्ट के लोकार्पण की तारीख तय हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को जेवर एयरपोर्ट का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय से मंजूरी मिलने के बाद प्रशासन, पुलिस और आयोजन से जुड़ी एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

Jewar Airport : उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित जेवर एयरपोर्ट के लोकार्पण की तारीख तय हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को जेवर एयरपोर्ट का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय से मंजूरी मिलने के बाद प्रशासन, पुलिस और आयोजन से जुड़ी एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। माना जा रहा है कि उद्घाटन के बाद जेवर एयरपोर्ट से 20 अप्रैल के बाद नियमित उड़ान संचालन शुरू किया जा सकता है। राज्य और केंद्र सरकार, दोनों ही इस परियोजना को बेहद अहम मान रही हैं, क्योंकि जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर के लाखों यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। शुरुआती चरण में यह एयरपोर्ट हर साल करीब 1.20 करोड़ यात्रियों की आवाजाही संभालने में सक्षम होगा।
जेवर एयरपोर्ट का निर्माण 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में किया गया है। पहले चरण में यहां 3900 मीटर लंबा रनवे, आधुनिक यात्री टर्मिनल, एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर और कार्गो सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे पहले 6 मार्च को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की ओर से उड़ान संचालन के लिए एयरोड्रम लाइसेंस जारी किया जा चुका है। अब उद्घाटन की तारीख तय होने के बाद निर्माण और व्यवस्थाओं से जुड़ी एजेंसियां अंतिम तैयारियों में जुट गई हैं।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए जेवर एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य बनाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय घेरा तैयार किया जाएगा। सबसे अंदरूनी परत में एसपीजी कमांडो रहेंगे। दूसरी परत में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अर्धसैनिक बल तैनात किए जाएंगे। तीसरी और सबसे बाहरी सुरक्षा व्यवस्था स्थानीय पुलिस संभालेगी, जिसमें 4 हजार से अधिक पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे।
हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल और जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन बिंदु तक हर स्थान पर अलग-अलग स्तर पर सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। इसके अलावा ड्रोन के जरिये पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है। एयरपोर्ट के आसपास की इमारतों और संवेदनशील स्थानों पर भी हथियारबंद जवानों की तैनाती की तैयारी है। उद्घाटन से पहले एसपीजी और अन्य केंद्रीय एजेंसियां मौके पर पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों की गहन जांच करेंगी।
जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह के साथ होने वाली जनसभा में दो लाख से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान है। इसी को ध्यान में रखते हुए विशाल पंडाल और सभा स्थल तैयार किया जा रहा है। भाजपा संगठन भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जनसंपर्क अभियान तेज कर चुका है, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बड़ी संख्या में लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाने का लक्ष्य तय किया है। खासतौर पर जेवर और आसपास के इलाकों से भारी भीड़ जुटाने की रणनीति पर काम चल रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर भीड़ प्रबंधन, यातायात और सुरक्षा के बिंदुओं पर समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल, नागरिक उड्डयन मंत्री और केंद्र व प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के लिए अलग-अलग वीवीआईपी हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के लिए अलग व्यवस्था की जा रही है, जबकि अन्य अतिथियों के लिए भी अलग हेलीपैड चिन्हित किए गए हैं। बताया जा रहा है कि इसके लिए करीब 10 स्थानों को चिह्नित किया गया है।
जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए फिलहाल दो प्रमुख रूट उपलब्ध हैं। सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए इनमें से एक मार्ग को आरक्षित रखा जा सकता है। इसी वजह से दयानतपुर और रोही के पास अस्थायी प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। इन गेटों से पार्किंग स्थल तक जोड़ने वाली सड़कों का निर्माण भी शुरू हो चुका है। कार्यक्रम में आने वाले बड़े जनसमूह को देखते हुए पार्किंग, बैरिकेडिंग, पैदल मार्ग और वाहन मूवमेंट की अलग योजना तैयार की जा रही है। एयरपोर्ट परिसर में कार्यरत करीब 6 हजार कर्मचारियों का सत्यापन भी पूरा किया जा चुका है।
जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 मार्च को ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगे। उनका सीधा दौरा एयरपोर्ट स्थल का रहेगा, जहां वे विकासकर्ता कंपनी, निर्माण एजेंसियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। समीक्षा के दौरान सुरक्षा, यातायात, जनसभा, मंच व्यवस्था और वीवीआईपी मूवमेंट जैसे बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और पार्टी संगठन के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक प्रस्तावित है, ताकि जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह को यादगार और व्यापक जनभागीदारी वाला बनाया जा सके।
हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने भी गुरुवार को जेवर एयरपोर्ट का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों से एयरपोर्ट की विशेषताओं और इसके विकासक्रम की जानकारी ली। दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट की भव्यता और आधुनिक संरचना प्रभावशाली है तथा यह परियोजना प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगी। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और एयरपोर्ट प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों ने मौके पर तैयारियों की समीक्षा की और लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र के मुताबिक, जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद मजबूत रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं और कार्यक्रम को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां जारी हैं। Jewar Airport