यमुना सिटी को शिक्षा के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-17ए और सेक्टर-22ई में देश-विदेश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के कैंपस विकसित किए जा रहे हैं।

Yamuna City : यमुना सिटी को शिक्षा के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-17ए और सेक्टर-22ई में देश-विदेश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के कैंपस विकसित किए जा रहे हैं। तीन विश्वविद्यालयों का निर्माण कार्य मौके पर चल रहा है, जबकि चार अन्य विश्वविद्यालयों के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। यीडा अधिकारियों के मुताबिक, इन दोनों सेक्टरों को भविष्य में बड़े एजुकेशन हब के तौर पर विकसित करने की योजना है। यहां विश्वविद्यालयों के साथ मेडिकल, तकनीकी और अन्य उच्च शिक्षा संस्थानों के आने से विद्यार्थियों को एक ही क्षेत्र में कई तरह के शैक्षणिक विकल्प मिल सकेंगे। Yamuna City
सेक्टर-17 में वर्तमान में गलगोटिया विश्वविद्यालय, नोएडा इंटरनेशनल विश्वविद्यालय और निम्स मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा भूमि आवंटन के बाद तीन नए विश्वविद्यालयों ने अपने नक्शे स्वीकृत करा लिए हैं और निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। सेक्टर-22ई में जेबीएम विश्वविद्यालय का निर्माण तेजी से चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार इसका निर्माण दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसी सेक्टर में नरसी मोंजी संस्थान ने भी नक्शा पास कराने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। यह संस्थान पहली बार महाराष्ट्र से बाहर अपना कैंपस स्थापित कर रहा है। इसके लिए यमुना सिटी में करीब 35 एकड़ भूमि पर कैंपस विकसित किया जाएगा। वहीं, सेक्टर-17ए में जीएल बजाज विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य भी जारी है। Yamuna City
यीडा क्षेत्र में शिक्षा का विस्तार करने के लिए एमिटी विश्वविद्यालय, लॉयड, बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय और महात्मा गांधी विश्वविद्यालय के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। प्राधिकरण की ओर से जल्द ही इन संस्थानों को जमीन उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा कई अन्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों ने भी यमुना सिटी में कैंपस स्थापित करने में रुचि दिखाई है। सेविता इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंसेज ने 250 एकड़ जमीन की मांग की है। संस्थान की ओर से करीब 3,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना बताई गई है। एमडीआई गुरुग्राम ने भी 50 एकड़ जमीन मांगी है। इसके साथ ही मलेशिया के लिंक यूनिवर्सिटी कॉलेज ने 100 एकड़ और अमेरिकन लीडरशिप एकेडमी ने भी 100 एकड़ जमीन के लिए रुचि दिखाई है। अमेरिकन लीडरशिप एकेडमी की ओर से करीब 1,000 करोड़ रुपये निवेश की योजना बताई गई है। शारदा एजुकेशनल ट्रस्ट ने भी 10 अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के कैंपस स्थापित करने के लिए जमीन की मांग की है। Yamuna City
यमुना सिटी में शिक्षा के साथ नई तकनीक से जुड़े क्षेत्रों को भी विकसित करने की तैयारी है। यहां एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग एंड कॉमिक्स (एवीजीसी) के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़ी गतिविधियों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एआई पार्क की स्थापना को मंजूरी दे चुके हैं। इसके विकसित होने से युवाओं को आधुनिक तकनीक और रोजगार से जुड़े नए अवसर मिलने की उम्मीद है। एआई और डिजिटल तकनीक से जुड़े क्षेत्रों की बढ़ती मांग को देखते हुए इसे यमुना सिटी के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। यीडा के सीईओ आरके सिंह के मुताबिक, प्राधिकरण का इस वर्ष विश्वविद्यालयों को शुरू कराने पर विशेष जोर है। जीबीएम विश्वविद्यालय का निर्माण जल्द पूरा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही देश-विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को यमुना सिटी में कैंपस स्थापित करने के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। Yamuna City
यमुना सिटी में शिक्षा के साथ परिवहन सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी तैयारी शुरू हो गई है। जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास आईएसबीटी की तर्ज पर आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डा विकसित करने का प्रस्ताव है। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने यह मांग रखी थी। प्रस्ताव का उद्देश्य नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को उत्तर प्रदेश के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों से बेहतर सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ना है। विधायक के अनुसार मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रस्ताव में यमुना प्राधिकरण से बस अड्डे के लिए जमीन उपलब्ध कराने और परिवहन विभाग से आगे की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया गया है। Yamuna City
विज्ञापन