यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने किसानों से जमीन खरीदने के लिए मुआवजा दरों में 6 फीसदी की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। इसके बाद सामान्य भूमि मुआवजा दर 4,300 रुपये से बढ़कर 4,558 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गई है।

YEIDA : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने किसानों से जमीन खरीदने के लिए मुआवजा दरों में 6 फीसदी की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। इसके बाद सामान्य भूमि मुआवजा दर 4,300 रुपये से बढ़कर 4,558 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गई है। वहीं, सात फीसदी आबादी वाले भूखंडों के लिए मुआवजा दर 4,037 रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गई है। नई दरें गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर दोनों जिलों में लागू होंगी। यीडा बोर्ड की 92वीं बैठक में मुआवजा दरों में संशोधन का फैसला लिया गया। प्राधिकरण का मानना है कि जमीन की नई दरों से किसानों से सहमति के आधार पर भूमि खरीद की प्रक्रिया को गति मिलेगी और क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक व बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए पर्याप्त लैंड बैंक तैयार करने में मदद मिलेगी। YEIDA
यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह के मुताबिक, किसानों से सहमति के आधार पर जमीन खरीदने पर सामान्य श्रेणी में 4,558 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, सात फीसदी आबादी वाले भूखंडों के लिए यह दर 4,037 रुपये प्रति वर्गमीटर रहेगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के दौरान 4,300 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर निर्धारित की गई थी। बाद में यीडा के अधिसूचित क्षेत्र के लिए भी यही दर लागू रही। अब प्राधिकरण ने क्षेत्र में बढ़ती विकास गतिविधियों और भूमि की जरूरत को देखते हुए इसमें 6 फीसदी की वृद्धि की है। YEIDA
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक निवेश और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। ऐसे में प्राधिकरण को भविष्य की योजनाओं के लिए बड़े स्तर पर जमीन की जरूरत है। मुआवजा बढ़ाने से किसानों से सहमति के आधार पर जमीन खरीदने की प्रक्रिया को आसान बनाने की उम्मीद है। प्राधिकरण के मुताबिक, बढ़ी हुई दरों के जरिए भूमि खरीद की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जा सकेगा। इससे औद्योगिक विकास के साथ सड़क, हरित क्षेत्र और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए जरूरी जमीन जुटाने में भी मदद मिलेगी। YEIDA
भूमि मुआवजा बढ़ने का सीधा असर आने वाले समय में यीडा की आवंटन दरों पर भी पड़ सकता है। प्राधिकरण ने चालू वित्त वर्ष में आवंटन दरों में पहले ही 3.58 फीसदी की बढ़ोतरी की है। यीडा द्वारा किसानों से खरीदी जाने वाली जमीन का करीब 55 फीसदी हिस्सा ही आवंटन के लिए उपयोग किया जा सकता है। शेष भूमि का इस्तेमाल हरित क्षेत्र, सड़क, अन्य बुनियादी ढांचे और किसानों को दिए जाने वाले सात फीसदी आबादी वाले भूखंडों के लिए होता है। ऐसे में जमीन खरीद की लागत बढ़ने से भविष्य में प्राधिकरण की आवंटन दरों में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। YEIDA
यीडा की ओर से संशोधित मुआवजा दरें गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर दोनों जिलों में लागू की गई हैं। प्राधिकरण का यह फैसला ऐसे समय आया है जब क्षेत्र में जमीन अधिग्रहण और किसानों के मुआवजे को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई है। नई दरों से भूमि खरीद की प्रक्रिया को गति मिलने के साथ क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है। YEIDA
विज्ञापन