Lakshmi Jayanti 2023 : लक्ष्मी जयंती दिवस, जब देवताओं को भी मिला धन संपदा का आशीर्वाद
Lakshmi Jayanti 2023: Lakshmi Jayanti Day, when the gods also got the blessings of wealth
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:58 AM
Lakshmi Jayanti 2023 : हिन्दू धर्म में मां लक्ष्मी की पूजा का बहुत महत्व माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार लक्ष्मी जयंती का त्यौहार उनकी पूजा के लिए बेहद शुभ माना जाता है. पंचांग के अनुसार हर साल फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा के दिन लक्ष्मी जयंती उत्सव संपन्न होता है. हिन्दू धर्म में देवी लक्ष्मी को धन और वैभव की देवी के रूप में पूजा जाता है.
Lakshmi Jayanti 2023 :
धार्मिक ग्रंथों के अनुसार लक्ष्मी जयंती के दिन विधि-विधान से मां लक्ष्मी की पूजा करने से सभी दुख दूर हो जाते हैं और भक्तों को धन-धान्य की प्राप्ति होती है. लक्ष्मी जी के अवतरण दिवस के रूप में मनाया जाने वाला ये दिन धन संपदा देने वाला होता है. इस खास दिन समुद्र मंथन के दौरान देवी लक्ष्मी प्रकट हुई थीं. ऐसे में लक्ष्मी जयंती के दिन कई लोग धन और ऐश्वर्य पाने के लिए व्रत रखते हैं.
लक्ष्मी जयंती शुभ मुहूर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार फाल्गुन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 06 मार्च 2023, बुधवार को शाम 04 बजकर 17 मिनट से शुरू होगी और इस तिथि का समापन 07 मार्च 2023 मंगलवार को 06 बजकर 09 मिनट पर होगा. उदय तिथि के अनुसार लक्ष्मी जयंती पर्व 07 मार्च 2023 दिन मंगलवार को मनाया जाएगा. इस दिन देश के अलग-अलग हिस्सों में होलिका दहन का आयोजन भी किया जाएगा, इस शुभ समय हर प्रकार की सिद्धि को पाने का समय भी होगा.
लक्ष्मी जयंती पूजा विधि
लक्ष्मी जयंती पर ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करके, ध्यान करें और स्वच्छ वस्त्र धारण करने के पश्चात सूर्य उपासना करें. फिर एक साफ चौकी पर नया कपड़ा बिछाकर उस पर थोड़ा सा गंगाजल छिड़कें. ध्यान रहे कि आपका मुख पूर्व दिशा की ओर होना चाहिए. इसके बाद चौकी पर कमल पर विराजमान माता लक्ष्मी की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करते हुए मंत्रोच्चारण के साथ मां को सुगंध, फूल, धूप, अक्षत, सिंदूर, चंदन, कमल का फूल और श्रृंगार का सामान अर्पित करने चाहिए. मां लक्ष्मी को खीर और पांच फलों का भोग लगाएं. इतना करने के बाद चौमुखी दीपक जलाएं और लक्ष्मी स्तोत्र का पाठ करते हुए व्रत को संपन्न करना चाहिए.
लक्ष्मी जयंती पूजा महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार लक्ष्मी जयंती पर विधि-विधान से मां लक्ष्मी की पूजा करने से साधक को सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है और धन संबंधी परेशानियां दूर हो जाती हैं. इस विशेष दिन पर आर्थिक समृद्धि के लिए किए जाने वाले कार्य पूजा, मंत्र जाप, यंत्र स्थापना इत्यादि को शुभ माना जाता है.
लेखिका (राजरानी शर्मा)