Best Local Food Tips: अगर आप भी अपनी अगली ट्रिप को यादगार बनाना चाहते हैं तो जरूरी है कि शहर के लोकल स्ट्रीट फूड को भी अपनी यात्रा का हिस्सा बनाएं। थोड़ी सी समझदारी और सही तरीका अपनाकर आप कम खर्च में बेहतरीन स्वाद का आनंद ले सकते हैं। चलिए जानते हैं कैसे?

किसी भी शहर या देश की असली पहचान सिर्फ उसकी मशहूर जगहों से नहीं होती बल्कि वहां के खाने से भी होती है। अक्सर लोग नई जगह घूमने जाते हैं और सीधे महंगे रेस्टोरेंट का रुख कर लेते हैं। वहां अच्छा माहौल तो मिल जाता है लेकिन कई बार उस शहर का असली स्वाद छूट जाता है। अगर आप भी अपनी अगली ट्रिप को यादगार बनाना चाहते हैं तो जरूरी है कि शहर के लोकल स्ट्रीट फूड को भी अपनी यात्रा का हिस्सा बनाएं। थोड़ी सी समझदारी और सही तरीका अपनाकर आप कम खर्च में बेहतरीन स्वाद का आनंद ले सकते हैं। चलिए जानते हैं कैसे?
जब भी किसी नए शहर में पहुंचें वहां के लोगों से बातचीत करने में झिझकें नहीं। ऑटो चालक, कैब ड्राइवर, होटल स्टाफ या आसपास के दुकानदार अक्सर ऐसे खाने के ठिकानों के बारे में जानते हैं जहां स्थानीय लोग खुद खाना पसंद करते हैं। उनसे सीधे पूछें कि वे नाश्ता, चाय या शाम के स्नैक्स के लिए कहां जाते हैं। ऐसे सुझाव अक्सर आपको उन जगहों तक पहुंचा देते हैं जो सोशल मीडिया या बड़े फूड ऐप्स पर भी नहीं मिलतीं।
आज लगभग हर शहर के लोकल फूड ब्लॉगर सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। यात्रा से पहले या वहां पहुंचने के बाद इंस्टाग्राम पर शहर के नाम के साथ "Food" या "Street Food" लिखकर सर्च करें। वहां मिलने वाली रील्स और पोस्ट्स से आपको नए फूड स्पॉट, मशहूर दुकानों और वहां मिलने वाली खास डिश की जानकारी आसानी से मिल सकती है। इससे बिना ज्यादा समय गंवाए सही जगह तक पहुंचना आसान हो जाता है।
अगर किसी शहर का असली जायका चखना है तो उसकी पुरानी गलियों और बाजारों में जरूर जाएं। कॉलेज एरिया, पुराने बाजार और रेलवे स्टेशन के आसपास अक्सर ऐसे फूड स्टॉल मिल जाते हैं जहां सालों से लोग स्वाद लेने आते हैं। किसी दुकान पर लंबी लाइन या स्थानीय लोगों की ज्यादा भीड़ दिखे तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि वहां का खाना ताजा और पसंद किया जाता है। अच्छा स्वाद जितना जरूरी है, उतनी ही जरूरी साफ-सफाई भी है। किसी भी स्ट्रीट फूड स्टॉल पर खाने से पहले यह जरूर देखें कि वहां सफाई का ध्यान रखा जा रहा है या नहीं। ताजा बना खाना और साफ माहौल आपकी यात्रा को स्वादिष्ट बनाने के साथ सुरक्षित भी रखता है।
विज्ञापन