विज्ञापन
आज के समय में मोबाइल फोन इंसान की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है लेकिन अगर आपका पार्टनर अचानक फोन को लेकर जरूरत से ज्यादा सतर्क रहने लगे तो यह सोचने वाली बात हो सकती है। फोन का पासवर्ड बदल देना, हर समय फोन अपने साथ रखना या आपके सामने आते ही चैट बंद कर देना।

शादी का रिश्ता भरोसे और समझ पर टिका होता है। जब दो लोग एक-दूसरे के साथ जिंदगी बिताने का फैसला करते हैं तो उम्मीद यही होती है कि दोनों हर सुख-दुख में साथ रहेंगे लेकिन कई बार रिश्तों में धीरे-धीरे ऐसे बदलाव आने लगते हैं जो मन में सवाल खड़े कर देते हैं। खासकर तब जब पार्टनर का व्यवहार अचानक पहले से बिल्कुल अलग दिखने लगे। कभी जरूरत से ज्यादा प्यार, कभी बिना वजह गुस्सा तो कभी अचानक दूरी… ये सभी चीजें रिश्ते में बदलाव का संकेत हो सकती हैं। हालांकि हर बदलाव का मतलब गलत रिश्ता नहीं होता लेकिन अगर कुछ बातें बार-बार महसूस होने लगें तो उन्हें नजरअंदाज करना भी सही नहीं माना जाता।
आज के समय में मोबाइल फोन इंसान की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है लेकिन अगर आपका पार्टनर अचानक फोन को लेकर जरूरत से ज्यादा सतर्क रहने लगे तो यह सोचने वाली बात हो सकती है। फोन का पासवर्ड बदल देना, हर समय फोन अपने साथ रखना या आपके सामने आते ही चैट बंद कर देना कई बार इस बात का संकेत देता है कि वह कुछ छिपाने की कोशिश कर रहा है। कई लोग बाथरूम तक फोन ले जाने लगते हैं ताकि कोई मैसेज या कॉल छिपा रहे।
कई बार लोग सोचते हैं कि ज्यादा प्यार दिखाना अच्छी बात है लेकिन अचानक जरूरत से ज्यादा केयर और तोहफे देना भी रिश्ते में बदलाव का संकेत हो सकता है। कुछ लोग अपनी गलती छिपाने के लिए पार्टनर पर जरूरत से ज्यादा प्यार लुटाने लगते हैं ताकि सामने वाले को शक न हो। वहीं कुछ लोग उल्टा हर छोटी बात पर झगड़ा करने लगते हैं ताकि घर से बाहर रहने का बहाना मिल सके।
अगर अचानक ऑफिस का काम बहुत ज्यादा बढ़ जाए, देर रात तक मीटिंग्स होने लगें या बार-बार बाहर जाने की बात होने लगे तो इस बदलाव पर ध्यान देना जरूरी हो सकता है। कई बार लोग अपने समय और दिनचर्या को छिपाने के लिए काम का सहारा लेते हैं। अगर सवाल पूछने पर पार्टनर चिढ़ने लगे या सही जवाब देने से बचे तो यह रिश्ते में दूरी बढ़ने का संकेत हो सकता है।
जो इंसान पहले अपने कपड़ों, फिटनेस या स्टाइल पर ज्यादा ध्यान नहीं देता था अगर वह अचानक बहुत ज्यादा बदलाव करने लगे तो यह भी सोचने वाली बात हो सकती है। नए कपड़े, महंगे परफ्यूम, जिम और खुद को पहले से ज्यादा आकर्षक दिखाने की कोशिश कई बार किसी खास इंसान को प्रभावित करने के लिए भी हो सकती है।
जब रिश्ते में तीसरे इंसान की एंट्री होती है, तो उसका असर पति-पत्नी के बीच की नजदीकियों पर भी दिखाई देने लगता है। बातचीत कम होना, आपकी बातों में दिलचस्पी न लेना या साथ समय बिताने से बचना ऐसे संकेत हो सकते हैं जो रिश्ते में दूरी बढ़ने की तरफ इशारा करते हैं। कई बार लोग शारीरिक और भावनात्मक दोनों तरह से दूर होने लगते हैं जिससे रिश्ते में खालीपन महसूस होने लगता है।
यह बात समझना भी बहुत जरूरी है कि हर बदलाव का मतलब एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर नहीं होता। कई बार तनाव, काम का दबाव या मानसिक परेशानी की वजह से भी इंसान का व्यवहार बदल सकता है। इसलिए किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले अपने पार्टनर से खुलकर बात करना सबसे जरूरी माना जाता है। शक और गुस्से की जगह समझदारी और बातचीत रिश्ते को बेहतर बना सकती है।
अगर आपको अपने रिश्ते में बदलाव महसूस हो रहा है तो चुप रहने के बजाय सही समय पर बात करना जरूरी है। कई बार छोटी-छोटी गलतफहमियां भी बड़े झगड़ों का कारण बन जाती हैं। रिश्ते में भरोसा बनाए रखने के लिए दोनों लोगों का ईमानदार और भावनात्मक रूप से जुड़ा रहना बेहद जरूरी होता है। प्यार सिर्फ शब्दों से नहीं बल्कि व्यवहार और समय से भी महसूस होता है।
विज्ञापन