विज्ञापन
लद्दाख का चादर ट्रैक भारत के सबसे खतरनाक ट्रैक में गिना जाता है। यह ट्रैक जमी हुई जंस्कार नदी पर किया जाता है। सर्दियों में जब पूरी नदी बर्फ की मोटी चादर में बदल जाती है तब ट्रेकर्स यहां सफर शुरू करते हैं। इस दौरान तापमान माइनस 25 से 30 डिग्री तक पहुंच जाता है।

अगर आपको एडवेंचर पसंद है और पहाड़ों के बीच कुछ अलग अनुभव करना चाहते हैं तो ट्रैकिंग आपके लिए सबसे बेहतरीन एक्टिविटी हो सकती है। ऊंचे पहाड़, बर्फ से ढके रास्ते, तेज हवाएं और मुश्किल चढ़ाई ट्रैकिंग को रोमांच से भर देती हैं। हालांकि भारत में कुछ ट्रैक ऐसे भी हैं जहां जाना जितना खूबसूरत अनुभव होता है, उतना ही खतरनाक भी माना जाता है। यहां मौसम कभी भी बदल सकता है और छोटी सी गलती भी भारी पड़ सकती है। भारत में हिमाचल, उत्तराखंड और लद्दाख जैसी जगहों पर कई ऐसे ट्रैक मौजूद हैं जो दुनियाभर के एडवेंचर प्रेमियों को अपनी तरफ खींचते हैं। आज हम आपको भारत के कुछ सबसे खतरनाक ट्रैक के बारे में बताने जा रहे हैं जहां पहुंचना आसान नहीं माना जाता।
लद्दाख का चादर ट्रैक भारत के सबसे खतरनाक ट्रैक में गिना जाता है। यह ट्रैक जमी हुई जंस्कार नदी पर किया जाता है। सर्दियों में जब पूरी नदी बर्फ की मोटी चादर में बदल जाती है तब ट्रेकर्स यहां सफर शुरू करते हैं। इस दौरान तापमान माइनस 25 से 30 डिग्री तक पहुंच जाता है। रास्ते बेहद कठिन होते हैं और मौसम कभी भी बदल सकता है। कई बार बर्फ टूटने का खतरा भी बना रहता है। हालांकि चारों तरफ फैले बर्फीले पहाड़ और जमी हुई नदी का नजारा इस ट्रैक को बेहद खास बना देता है।
उत्तराखंड का कालिंदी खाल ट्रैक भी काफी चुनौतीपूर्ण माना जाता है। यह ट्रैक गंगोत्री और बद्रीनाथ को जोड़ता है और इसकी ऊंचाई करीब 19 हजार फीट तक पहुंचती है। इस ट्रैक पर ट्रेकर्स को ग्लेशियर, पत्थरों से भरे रास्ते और बर्फीले इलाकों से गुजरना पड़ता है। यहां ऑक्सीजन की कमी और खराब मौसम सफर को और मुश्किल बना देते हैं। यही वजह है कि इस ट्रैक पर सिर्फ अनुभवी ट्रैकर्स को जाने की सलाह दी जाती है।
हिमाचल प्रदेश का पिन पार्वती ट्रैक अपनी खूबसूरती और कठिन रास्तों के लिए काफी मशहूर है। यह ट्रैक पार्वती वैली को स्पीति घाटी से जोड़ता है। यहां कई रास्ते बेहद संकरे और फिसलन भरे होते हैं। ट्रैकिंग के दौरान लोगों को बर्फीले ग्लेशियर और तेज बहती नदियों को भी पार करना पड़ता है। ऊंचाई ज्यादा होने की वजह से सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। हालांकि यहां की झीलें, पहाड़ और बर्फ से ढकी चोटियां सफर को यादगार बना देती हैं।
लद्दाख का स्टोक कांगड़ी ट्रैक भारत के सबसे मुश्किल ट्रैक में शामिल है। यह ट्रैक करीब 20 हजार फीट की ऊंचाई तक पहुंचता है। यहां ट्रेकिंग के दौरान तेज बर्फीली हवाएं, खड़ी चढ़ाई और ऑक्सीजन की कमी सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है। कई बार मौसम अचानक खराब हो जाता है जिसकी वजह से ट्रैक बीच में रोकना पड़ता है। हालांकि जो लोग इस ट्रैक को पूरा कर लेते हैं उन्हें हिमालय की खूबसूरत चोटियों और लद्दाख की शानदार वादियों का अद्भुत नजारा देखने को मिलता है।
इन ट्रैक पर जाने से पहले अच्छी तैयारी और सही जानकारी होना बहुत जरूरी माना जाता है क्योंकि यहां मौसम और रास्ते दोनों ही कभी भी चुनौती बन सकते हैं। यही वजह है कि इन ट्रैक को सिर्फ रोमांच नहीं बल्कि हिम्मत और धैर्य की असली परीक्षा भी कहा जाता है।
विज्ञापन