Women's Day: डिजिटल दुनिया में महिलाओं की मौजूदगी पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो चुकी है। अपनी क्रिएटिविटी और मेहनत के दम पर ये क्रिएटर्स न केवल लोकप्रियता हासिल कर रही हैं बल्कि हर महीने लाखों-करोड़ों रुपये भी कमा रही हैं।

डिजिटल दौर में सोशल मीडिया सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं रह गया है बल्कि यह पहचान और कमाई का एक बड़ा मंच बन चुका है। खासतौर पर भारत की कई महिलाएं इस प्लेटफॉर्म का शानदार इस्तेमाल करते हुए अपनी अलग पहचान बना रही हैं। फैशन, कुकिंग, कॉमेडी, गेमिंग और लाइफस्टाइल जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में महिला क्रिएटर्स लाखों-करोड़ों लोगों तक पहुंच रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर यह साफ दिखाई देता है कि डिजिटल दुनिया में महिलाओं की मौजूदगी पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो चुकी है। अपनी क्रिएटिविटी और मेहनत के दम पर ये क्रिएटर्स न केवल लोकप्रियता हासिल कर रही हैं बल्कि हर महीने लाखों-करोड़ों रुपये भी कमा रही हैं। आइए जानते हैं भारत की कुछ ऐसी महिला डिजिटल क्रिएटर्स के बारे में जिन्होंने सोशल मीडिया को ही अपना करियर बना लिया और आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।
Jannat Zubair आज भारत की सबसे लोकप्रिय महिला सोशल मीडिया क्रिएटर्स में गिनी जाती हैं। टीवी इंडस्ट्री से अपने करियर की शुरुआत करने वाली जन्नत ने इंस्टाग्राम के जरिए नई पहचान बनाई। उनके इंस्टाग्राम पर लगभग 51 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं जो उन्हें देश की टॉप डिजिटल स्टार्स में शामिल करते हैं। जन्नत फैशन, ब्यूटी और लाइफस्टाइल से जुड़ा कंटेंट बनाती हैं और उनकी रील्स युवाओं के बीच काफी पसंद की जाती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी अनुमानित नेटवर्थ करीब 25 करोड़ रुपये बताई जाती है। ब्रांड प्रमोशन, स्पॉन्सर्ड पोस्ट और अपने क्लोदिंग ब्रांड “Nayaab” के जरिए वे अच्छी कमाई करती हैं।
भारतीय यूट्यूब की दुनिया में Nisha Madhulika का नाम बेहद सम्मान के साथ लिया जाता है। उनके यूट्यूब चैनल पर 15 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं और उनके कुकिंग वीडियो करोड़ों बार देखे जा चुके हैं। वे आसान और पारंपरिक शाकाहारी रेसिपी सिखाने के लिए जानी जाती हैं। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने 52 साल की उम्र में यूट्यूब शुरू किया था। इसके बावजूद उन्होंने बहुत कम समय में बड़ी सफलता हासिल की। आज उनकी अनुमानित नेटवर्थ लगभग 40 करोड़ रुपये के आसपास बताई जाती है और उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा यूट्यूब विज्ञापन, ब्रांड प्रमोशन और कुकबुक बिक्री से आता है।
Anushka Sen ने बहुत कम उम्र में टीवी और सोशल मीडिया दोनों जगह अपनी पहचान बना ली। उन्होंने टीवी शो बालवीर और झांसी की रानी से लोकप्रियता हासिल की और बाद में इंस्टाग्राम पर भी काफी प्रसिद्ध हो गईं। आज इंस्टाग्राम पर उनके करीब 38 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। फैशन, लाइफस्टाइल और ट्रेंडिंग रील्स उनका मुख्य कंटेंट है। वे कई बड़े ब्रांड्स के साथ काम करती हैं और उनकी अनुमानित नेटवर्थ लगभग 16 से 20 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है।
Prajakta Koli, जिन्हें MostlySane के नाम से भी जाना जाता है। भारत की लोकप्रिय कॉमेडी कंटेंट क्रिएटर्स में से एक हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर करीब 7 मिलियन सब्सक्राइबर्स हैं और उनके वीडियो युवाओं के बीच काफी पसंद किए जाते हैं। सोशल मीडिया की सफलता के बाद उन्होंने फिल्मों और वेब सीरीज में भी काम करना शुरू किया। उनकी नेटवर्थ करीब 16 करोड़ रुपये बताई जाती है। इसके अलावा वे यूनेस्को और गूगल के Creators for Change कार्यक्रम से भी जुड़ी रही हैं।
कॉमेडी और लाइफस्टाइल कंटेंट के जरिए लोकप्रिय हुईं Kusha Kapila आज डिजिटल दुनिया की जानी-मानी हस्ती बन चुकी हैं। इंस्टाग्राम पर उनके लगभग 4 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। कुशा केवल कंटेंट क्रिएटर ही नहीं बल्कि एक सफल उद्यमी भी हैं। उनका शेपवियर ब्रांड Underneat तेजी से बढ़ते बिजनेस के रूप में सामने आया है। फिल्मों और वेब सीरीज में भी उनकी मौजूदगी देखने को मिल चुकी है।
Komal Pandey फैशन कंटेंट की दुनिया में अपनी अलग पहचान रखती हैं। उनकी वीडियो स्टाइल काफी क्रिएटिव और सिनेमैटिक होती है जिससे वे सोशल मीडिया पर अलग नजर आती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 1.9 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वे फैशन को नए और प्रयोगात्मक तरीके से पेश करती हैं और कई बड़े फैशन और ब्यूटी ब्रांड्स के साथ काम कर चुकी हैं।
Nancy Tyagi की कहानी बेहद प्रेरणादायक है। उत्तर प्रदेश के एक छोटे गांव से निकलकर उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए दुनिया भर में पहचान बनाई। DIY फैशन कंटेंट के लिए जानी जाने वाली नैन्सी अपने हाथों से डिजाइन किए कपड़ों को वीडियो के जरिए दिखाती हैं। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 3 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और यूट्यूब पर भी लाखों सब्सक्राइबर्स हैं। खास बात यह है कि उन्हें नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड में प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा हेरिटेज फैशन आइकन के रूप में सम्मानित किया गया था।
गेमिंग की दुनिया में महिलाओं की संख्या अभी भी कम है लेकिन Payal Dhare यानी Payal Gaming ने इस क्षेत्र में बड़ी पहचान बनाई है। उनके यूट्यूब चैनल पर करीब 4.6 मिलियन सब्सक्राइबर्स हैं और इंस्टाग्राम पर भी लाखों फॉलोअर्स हैं। वे BGMI और PUBG जैसे गेम्स की लाइव स्ट्रीमिंग के लिए जानी जाती हैं। अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर उन्होंने गेमिंग इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई है और कई प्रतिष्ठित अवॉर्ड भी जीत चुकी हैं।
आज सोशल मीडिया ने महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने का एक बड़ा मंच दिया है। इन महिला डिजिटल क्रिएटर्स ने साबित कर दिया है कि अगर हुनर और मेहनत हो तो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी एक मजबूत करियर बन सकता है।