
Madhya Pradesh News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश की महिलाओं को एक नई उम्मीद दी है। उन्होंने ऐलान किया है कि लाडली बहना योजना के तहत आने वाले पांच सालों में हर महिला को धीरे-धीरे करके ₹3000 प्रति माह की आर्थिक मदद दी जाएगी। यह घोषणा उन्होंने बैतूल जिले के सारणी के पाथाखेड़ा में आयोजित महिला स्व-सहायता समूह के एक कार्यक्रम में की।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार ने जब शुरुआत की थी, तब बहनों को ₹1000 महीना देना शुरू किया। फिर धीरे-धीरे यह बढ़ाकर ₹1230 किया गया। अब हमारा लक्ष्य है कि अगले पांच सालों में यह राशि ₹3000 महीना तक पहुंचाई जाए।” उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना को लेकर किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार धीरे-धीरे अपने वादे पूरे करेगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 464 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कार्यक्रम में यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की "लखपति बहना" योजना के तहत महिलाओं की आमदनी एक लाख रुपये सालाना तक पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा, “350 से अधिक स्वयं सहायता समूह इस दिशा में काम कर रहे हैं। हम रेडीमेड गारमेंट फैक्ट्रियां लगा रहे हैं, जहां बहनों को काम मिलेगा। सरकार की तरफ से ₹5000 और फैक्ट्री मालिक की तरफ से ₹8000 मिलाकर कुल ₹13000 महीना कमाने का मौका बहनों को मिलेगा।”
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वरोजगार को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा, “एमपी में अब स्कूल जाने वाले बच्चों को किताबें और कॉपियां मुफ्त मिलती हैं, दूर रहने पर साइकिल भी फ्री है। मेरिट में आने वाली बेटियों को स्कूटी दी जा रही है और विदेश में पढ़ाई के लिए 1 लाख से लेकर 1 करोड़ तक की छात्रवृत्ति सरकार देने को तैयार है। उन्होंने अपने संबोधन के अंत में कहा, “हमारी बहन-बेटियां अगर आगे बढ़ेंगी, तो प्रदेश भी आगे बढ़ेगा। हमने हर जरूरी कदम उठाने का संकल्प लिया है। Madhya Pradesh News