
महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में अवैध खनन की जांच के दौरान राज्य की प्रशासनिक दुनिया में हलचल मच गई। IPS अधिकारी अंजना कृष्णा और महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री तथा NCP प्रमुख अजित पवार के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अंजना कृष्णा दबाव के बावजूद बेबाक और अडिग नजर आती हैं, जिससे उनका साहस और प्रशासनिक दक्षता साफ झलकती है। अब हर किसी की नजरें उस अधिकारी पर हैं, जिसने महाराष्ट्र के शीर्ष नेताओं के सामने भी निर्भीकता दिखाई। Maharashtra News
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि IPS अधिकारी अंजना कृष्णा सोलापुर के कुर्दु गांव में अवैध खनन की जांच कर रही हैं। इस दौरान कार्रवाई के दौरान गांव वालों और पुलिस टीम के बीच बहस होती है। इसी बीच NCP कार्यकर्ता बाबा जगताप ने डिप्टी CM अजित पवार को कॉल किया और अधिकारी से बात कराई। कॉल पर अजित पवार ने आदेश दिया कि कार्रवाई रोक दी जाए और तहसीलदार को सूचित किया जाए। इसके जवाब में अंजना कृष्णा ने स्पष्ट कहा, “आप एक काम कीजिए, सीधे मेरे फोन पर कॉल कीजिए।” इस साहसी रवैये के वीडियो ने सोशल मीडिया पर तेजी से ध्यान खींचा।
अंजना कृष्णा केरल की रहने वाली हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई सेंट मैरीज सेंट्रल स्कूल, पूजप्पुरा से पूरी की। इसके बाद HHMSPB NSS कॉलेज फॉर वुमेन, नीरामंकरा, तिरुवनंतपुरम से गणित में BSc की डिग्री हासिल की। कक्षा 12वीं के दौरान ही उन्होंने UPSC की तैयारी का लक्ष्य तय कर लिया था और ग्रेजुएशन के बाद पूरी मेहनत के साथ इस परीक्षा की तैयारी शुरू की। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका ऑप्शनल विषय मलयालम साहित्य था और उन्होंने परीक्षा इंग्लिश माध्यम से दी।
साल 2022 में अंजना कृष्णा ने UPSC की परीक्षा पास की और उन्हें अखिल भारतीय स्तर पर 355वीं रैंक मिली। वे साल 2022-23 बैच की अधिकारी हैं और वर्तमान में सोलापुर के करमाला में पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर तैनात हैं। उनके पिता सीना कोर्ट में टाइपिस्ट हैं। अंजना ने पहले एक प्रमुख मलयालम दैनिक में समाचार रिपोर्टर के रूप में इंटर्नशिप भी की है। अंजना कृष्णा अपनी ईमानदारी, स्पष्टवादिता और मजबूत प्रशासनिक कौशल के लिए जानी जाती हैं। उनकी यह बहादुर प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है और लोग उनके व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन के बारे में अधिक जानने को उत्सुक हैं। Maharashtra News