International Yoga Day- 21 जून को ही योग दिवस के रूप में चुनने के पीछे की वजह है खास, जानें इस साल किस थीम के साथ मनाया जा रहा योग दिवस
भारत
चेतना मंच
21 Jun 2023 01:52 PM
International Yoga Day- आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है। प्रतिवर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। योग भारतीय संस्कृत के जड़ों से जुड़ा हुआ है। स्वस्थ व खुशहाल जीवन के लिए योग काफी असरदार माना जाता है और आज भारत के साथ पूरी दुनिया भी योग के ताकत को समझ चुकी है। योगाभ्यास के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए प्रतिवर्ष योग दिवस मनाया जाता है।
क्या है इस दिन का इतिहास –
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने साल 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 69वें सत्र के दौरान भाषण देते हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था। 3 महीने के पश्चात 11 दिसंबर 2014 को बहुमत के आधार पर नरेंद्र मोदी के योग दिवस वाले प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद साल 2015 में पहली बार 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) मनाया गया। तब से प्रतिवर्ष 21 जून के दिन को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है।
21 जून को ही योग दिवस के रूप में चुनने की वजह है बेहद खास -
योग दिवस के लिए 21 जून के दिन को ही निर्धारित करने के पीछे का भी कुछ उद्देश्य है। इसके पीछे की पहली वजह यह है कि 21 जून के दिन को सूर्य की किरण सबसे ज्यादा देर तक धरती पर रहती हैं, प्रतीकात्मक रूप से इसे मनुष्य के स्वास्थ्य और जीवन से जोड़ा जाता है।
21 जून के दिन को चुनने की पीछे की दूसरी वजह यह है कि यह दिन ग्रीष्म संक्रांति का दिन होता है, जब सूर्य दक्षिणायन में जाता है। पौराणिक एवं धार्मिक मान्यता के अनुसार ग्रीष्म संक्रांति के बाद आने वाली पूर्णिमा को भगवान शिव ने पहली बार अपने सात शिष्यों को योग की दीक्षा दी थी।
क्या है योग दिवस का महत्व –
योग एक ऐसी प्रक्रिया है, जिससे शारीरिक मानसिक एवं आध्यात्मिक अभ्यास होता है। शरीर को स्वस्थ रखने व दिमाग को शांत रखने में योग काफी कारगर साबित होता है। योगाभ्यास करने से ध्यान केंद्रित करने में भी मदद मिलती है। मानव जीवन में योग के महत्व को देखते हुए, लोगों में योगाभ्यास के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु प्रतिवर्ष योग दिवस मनाया जाता है।
International Yoga Day 2023 Theme: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2023 की थीम –
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए प्रतिवर्ष एक थीम निर्धारित की जाती है। साल 2023 के लिए यूएन के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम है -"Yoga for Vasudhaiva Kutumbakam" जिसका शाब्दिक अर्थ है- 'वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग'।
राजधानी दिल्ली में योग दिवस पर इन स्थानों पर होगा विशेष आयोजन -
केंद्रीय आयुष मंत्रालय के मुताबिक 21 जून को योग दिवस के मौके पर दिल्ली में खास तैयारियां की गई हैं। योग दिवस के मौके पर कर्तव्यपथ, लाल किला, सेंट्रल पार्क, कनॉट प्लेस, नेहरू पार्क, लोधी गार्डन, कोरोनेशन पार्क समेत 26 जगहों पर आयोजन किया जाएगा। एनडीएमसी दिल्ली के 8 जगहों पर, वहीं डीडीए दिल्ली की 17 जगहों पर योग दिवस का आयोजन करेगा। इसके अलावा पुरातत्व विभाग योग दिवस लाल किले से मनाएगा।
इस वर्ष योग दिवस के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी अमेरिका की धरती से योग दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। पीएम का पद संभालने के बाद ये पहला मौका है, जब योग दिवस के मौके पर पीएम देश के बाहर होंगे। इस साल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के नौ साल पूरे होने के मौके पर पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र में 180 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के साथ योग करेंगे।