Nepal Plane Crash : नेपाल में दुर्घटनाग्रस्त विमान में सवार थे पांच भारतीय
Five Indians were aboard the crashed plane in Nepal
भारत
चेतना मंच
15 Jan 2023 08:57 PM
काठमांडू। नेपाल में पोखरा हवाई अड्डे पर उतरते समय दु्र्घटनाग्रस्त हुए विमान में सवार 72 लोगों में पांच भारतीय नागरिक भी शामिल थे। इस हादसे में मारे गए लोगों में 32 के शव बरामद किए गए हैं।
नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएएन) ने बताया कि येती एअरलाइंस के 9एन-एएनसी एटीआर-72 विमान ने सुबह 10 बजकर 33 मिनट पर काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। वह सुबह करीब 11 बजे पोखरा हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पोखरा इस हिमालयी देश में एक मशहूर पर्यटक स्थल है। विमान में 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे।
येती एअरलाइंस के एक अधिकारी ने बताया कि विमान में सवार पांच भारतीयों की पहचान अभिषेक कुशवाहा, विशाल शर्मा, अनिल कुमार राजभर, सोनू जायसवाल और संजना जायसवाल के रूप में हुई है। भारतीय दूतावास ने भी 68 यात्रियों में पांच भारतीयों के शामिल होने की पुष्टि की है।
Nepal Plane Crash
भारतीय दूतावास ने ट्वीट कर कहा कि काठमांडू से आ रहा येती एअरलाइंस का एक एटीआर-72 विमान आज पोखरा हवाई अड्डे के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के अनुसार इस विमान में पांच भारतीय नागरिक भी सवार थे। बचाव अभियान जारी है।
एअरलाइंस के मुताबिक, विमान में 10 विदेशी नागरिक सवार थे। कुछ यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारतीय यात्रियों की स्थिति का अभी पता नहीं चला है। पोखरा हवाई अड्डे पर उतरते समय विमान पुराने हवाई और नए हवाई अड्डे के बीच सेती नदी के किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ‘द हिमालयन टाइम्स’ अखबार की खबर के मुताबिक, दुर्घटनास्थल से कम से कम 32 शव बरामद किए गए हैं।
देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।
News uploaded from Noida