पाकिस्तानी हरकतें: पाकिस्तानी ड्रोन से भारतीय सीमा में गिराए गए चीनी हथियार
पाकिस्तानी हरकतें
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 09:08 PM
पाकिस्तानी हरकतें: चंडीगढ़/नई दिल्ली। पाकिस्तानी ड्रोन से भारतीय सीमा में चीनी हथियार गिराए गए। पंजाब सीमा से आठ किमी अंदर गोला—बारूद का जखीरा सीमा सुरक्षा बल ने बरामद किया। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
पाकिस्तानी हरकतें
अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ के जवानों ने मंगलवार देर रात करीब 11 बजकर 50 मिनट पर गुरदासपुर जिले के ऊंचा टकला सीमांत गांव इलाके में पाकिस्तान से आ रहे ड्रोन की आवाज सुनी। उन्होंने कहा, ड्रोन संभवत: 300-400 मीटर की ऊंचाई पर था, लेकिन क्षेत्र में घने कोहरे के कारण यह दिखाई नहीं दे रहा था।
अधिकारी ने कहा, जवानों ने जैसे ही ड्रोन की आवाज सुनीं, उन्होंने मानव रहित यान की दिशा में तुरंत करीब 17 गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्होंने जमीन पर कुछ गिराए जाने की आवाज सुनी। प्रवक्ता ने बताया कि उस कृषि क्षेत्र की तलाशी ली गई, जहां से आवाज आई थी और तलाशी के दौरान चीन निर्मित चार पिस्तौल, आठ मैगजीन और नाइन एमएम की 47 गोलियों का एक पैकेट बरामद हुआ। अधिकारी ने कहा, हमारे बल सतर्क हैं और वे तस्करों के नापाक मंसूबों को एक बार फिर नाकाम करने में कामयाब रहे।