
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) अगले हफ्ते दो दिन की यात्रा पर सऊदी अरब जाएंगे। यह दौरा भारत-सऊदी अरब के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से हो रहा है। पीएम मोदी का यह तीसरा सऊदी दौरा होगा। इससे पहले वह 2016 और 2019 में वहां का दौरा कर चुके हैं।
इस यात्रा का निमंत्रण सऊदी अरब के प्रधानमंत्री और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की ओर से मिला है। दौरे के दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा, इनोवेशन और स्टार्टअप जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। खास फोकस India-Middle East-Europe Economic Corridor (IMEEC) पर रहने की उम्मीद है।
भारत, सऊदी अरब का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। वहीं, सऊदी अरब भारत का पांचवां सबसे बड़ा साझेदार है। 2023-24 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 42.98 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जिसमें से भारत ने 11.56 अरब डॉलर का निर्यात किया जबकि 31.42 अरब डॉलर का आयात किया। अगस्त 2023 तक भारतीय कंपनियों ने सऊदी अरब में करीब 3 अरब डॉलर का निवेश भी किया है।
भारत और सऊदी अरब के बीच 1947 से राजनयिक संबंध हैं और 2010 में इन्हें रणनीतिक साझेदारी में बदला गया था। पिछले एक दशक में दोनों देशों के बीच सहयोग ने नई ऊंचाइयां छुई हैं। इस दौरे में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि, स्वास्थ्य और एनर्जी जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को गहरा करने पर चर्चा हो सकती है।
पीएम मोदी (PM Modi) का यह दौरा अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सऊदी यात्रा से ठीक पहले हो रहा है, जिससे इस क्षेत्र में भारत की भूमिका और सक्रियता को वैश्विक दृष्टिकोण से देखा जा रहा है।
दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है, जो भारत-सऊदी संबंधों को और प्रगाढ़ बनाएंगे। PM Modi: