World Blood Doner Day 2023- इस थीम के साथ मनाया जा रहा है विश्व रक्तदाता दिवस
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 09:49 AM
World Blood Doner Day 2023- रक्त का हमारे जीवन में क्या महत्व है, यह बात बताने की आवश्यकता नहीं है। रक्त के महत्व को देखते हुए रक्तदान को महादान बताया गया है। रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने हेतु प्रतिवर्ष 14 जून का दिन विश्व भर में ‘विश्व रक्तदाता दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
क्या है विश्व रक्तदाता दिवस का इतिहास (History of World Blood Doner Day)-
प्रतिवर्ष 14 जून का दिन विश्व रक्तदाता दिवस के रुप में मनाया जाता है। साल 2004 में पहली बार 14 जून को ‘विश्व रक्तदाता दिवस‘ मनाया गया। इसकी शुरुआत डब्ल्यूएचओ (WHO) ने लोगों के जीवन को बचाने के लिए विश्व भर में रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करने हेतु किया था। विश्व रक्तदाता दिवस मनाने के लिए 14 जून का ही दिन इसलिए चुना गया, क्योंकि इस दिन A,B,O ब्लड ग्रुप सिस्टम की खोज करने वाले वैज्ञानिक कार्ल लैंडस्टीनर का जन्म हुआ था। वैज्ञानिक ‘कार्ल लैंडस्टीनर‘ का जन्म 14 जून 1868 को हुआ था। इन्हे स्वास्थ्य विज्ञान में अपार योगदान के लिए नोबेल पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
क्या है विश्व रक्तदाता दिवस का महत्व (Importance of World Blood Doner Day)
विश्व रक्तदाता दिवस मनाने के पीछे का उद्देश्य लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता पैदा करना है। रक्त और रक्त से जुड़े हुए कई अन्य तत्व लोगों की जान बचाने का काम करते हैं। गर्भावस्था, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने पर, मलेरिया, कुपोषण, एनीमिया से पीड़ित व्यक्ति, दुर्घटना के शिकार हुए व्यक्तियों, बोन मैरो की समस्या से पीड़ित लोग अथवा किसी अन्य कारण से शरीर में हुई हीमोग्लोबिन की कमी बाहर से रक्त चढ़ाकर पूरी की जाती है। जब तक लोग रक्तदान के लिए आगे नहीं आएंगे, दुनिया भर में मरीजों में रक्त की कमी को पूरा नहीं किया जा सकेगा। अतः लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है, और इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए ‘विश्व रक्तदाता दिवस‘ मनाया जाता है।
World Blood Doner Day 2023 Theme: विश्व रक्तदाता दिवस थीम 2023-
प्रतिवर्ष ‘विश्व रक्तदाता दिवस’ के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organization, WHO)द्वारा एक थीम निर्धारित की जाती है। इस वर्ष इस दिन के लिए जो थीम निर्धारित की गई है वो है- 'रक्त दो, प्लाज्मा दो, जीवन बांटो, बार-बार बांटो (Give Blood, Give Plasma, Share Life, Share Often)'। इस थीम के पीछे का उद्देश्य व प्रयास है कि लोगों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता व जीवन बचाने में एकजुटता बढ़ाने की भावना को विकसित किया जाए।
साल 2022 में विश्व रक्तदाता दिवस के लिए थीम थी “रक्तदान एकजुटता का काम है, प्रयास में शामिल हो और जीवन बचाएं”।