देश के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे जस्टिस सूर्यकांत? सीजेआई गवई ने भेजी सिफारिश
भारत
RP Raghuvanshi
27 Oct 2025 01:25 PM
भारत
RP Raghuvanshi
27 Oct 2025 01:25 PM
सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश भूषण गवई ने केंद्रीय विधि मंत्रालय को पत्र लिखकर जस्टिस सूर्यकांत को अपना उत्तराधिकारी बनाने की सिफारिश की है। गवई का कार्यकाल 23 नवंबर को समाप्त हो रहा है, जिसके बाद सूर्यकांत देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश बन सकते हैं। Delhi News :
गवई के बाद न्याय की कमान सूर्यकांत के हाथ?
सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश भूषण गवई ने अपने उत्तराधिकारी के रूप में जस्टिस सूर्यकांत के नाम की सिफारिश की है। यह सिफारिश केंद्रीय विधि मंत्रालय को भेजी गई है। परंपरा के मुताबिक, रिटायर होने से लगभग एक महीने पहले कानून मंत्रालय मौजूदा सीजेआई से उनके उत्तराधिकारी के नाम की अनुशंसा मांगता है। गवई का कार्यकाल 23 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि वे अपने कार्यकाल के पूरा होने से पहले न्यायपालिका की बागडोर जस्टिस सूर्यकांत को सौंपेंगे।
देश के 53वें सीजेआई बन सकते हैं सूर्यकांत
सुप्रीम कोर्ट में इस समय सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ही हैं। वरिष्ठता क्रम और परंपरा के आधार पर उनकी नियुक्ति लगभग तय मानी जा रही है। नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद वे 24 नवंबर 2025 को भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ले सकते हैं। उनका कार्यकाल 9 फरवरी 2027 तक रहेगा।
कौन हैं जस्टिस सूर्यकांत?
जस्टिस सूर्यकांत का जन्म 10 फरवरी 1962 को हरियाणा के हिसार में हुआ था। उन्होंने वर्ष 1981 में हिसार के गवर्नमेंट पीजी कॉलेज से स्नातक किया और 1984 में महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी, रोहतक से कानून की डिग्री प्राप्त की। उसी वर्ष उन्होंने हिसार जिला अदालत में प्रैक्टिस शुरू की और जल्द ही पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में वकालत करने लगे। 2004 में उन्हें पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया। 5 अक्टूबर 2018 को वे हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने। लगभग एक वर्ष बाद, 24 मई 2019 को उन्हें सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। उनकी छवि एक सख्त लेकिन न्यायप्रिय जज के रूप में जानी जाती है। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण संवैधानिक और सामाजिक मामलों में उल्लेखनीय फैसले दिए हैं। Delhi News