दिल्ली विवि के पूर्व अध्यक्ष रौनक खत्री से मांगी 5 करोड़ की रंगदारी, रोहित गोदारा का मैसेज वायरल
भारत
RP Raghuvanshi
29 Sep 2025 06:42 PM
दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष रौनक खत्री से गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। धमकी में कहा गया कि पैसा नहीं देने पर उनकी जान को खतरा है। इस दौरान भेजे गए मैसेज और आडियो कॉल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, विदेशी नंबर से रौनक को मैसेज भेजे गए और जब उन्होंने रिप्लाई नहीं किया, तो कॉल करके धमकियां बढ़ा दी गईं। मैसेज में लिखा गया "रौनक खत्री, बहुत हो गई नेतागिरी। 5 करोड़ देने की तैयारी कर ले, या फिर मरने के लिए तैयार हो जा। 5 करोड़ से कम का समझौता नहीं होगा।" पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह सच में गोदारा गैंग का काम है या किसी और कारण से धमकी दी गई। New Delhi News :
रौनक खत्री कौन हैं?
रौनक खत्री को दिल्ली विश्वविद्यालय का मटका मैन कहा जाता है। वे नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन आॅफ इंडिया (एनएसयूआई) के सदस्य हैं और 2024-2025 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष रहे। उनके कार्यकाल में कई विवाद सामने आए थे। रौनक ने अगस्त 2024 में एनएसयूआई जॉइन किया और सितंबर 2024 में छात्र संघ चुनाव जीतकर अध्यक्ष बने। उन्हें 20,707 वोट मिले और उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 1,300 वोटों से हराया। उन्हें मटका मैन इसलिए कहा गया क्योंकि उन्होंने कैंपस में पानी की समस्या हल करने के लिए मटके लगवाए।
विवादों से पुराना नाता
मार्च 2025 में रौनक का प्रोफेसरों से विवाद हुआ, जिसमें उनपर दुर्व्यवहार का आरोप लगा। सितंबर 2025 में डूसू चुनाव के दौरान किरोड़ी मल कॉलेज में हमले का आरोप उनके खिलाफ लगाया गया, जबकि रौनक ने विपक्ष पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। इसी महीने रौनक ने वोट चोरी का दावा करते हुए हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की। पुलिस फिलहाल मैसेज और धमकियों की सत्यता की जांच कर रही है। New Delhi News