बिहार के मंत्री पर ग्रामीणों का हमला : जान बचाकर पैदल भागे, बॉडीगार्ड घायल
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 03:44 PM
बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और हिलसा के विधायक कृष्ण मुरारी उर्फ प्रेम मुखिया पर नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को हमला कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि बिहार के इन मंत्री महोदय को अपनी जान बचाने के लिए करीब एक किलोमीटर तक पैदल भागना पड़ा। इस हमले में बिहार के इस मंत्री का एक बॉडीगार्ड और कई समर्थक घायल हुए हैं। Patna News :
सड़क हादसे से उपजा गुस्सा
कुछ दिन पहले पटना जिले के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ था, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में मलावां गांव के लोग भी शामिल थे। इसी घटना के पीड़ित परिवारों से मिलने मंत्री श्रवण कुमार सोमवार सुबह मलावां पहुंचे थे।
जैसे ही कार्यक्रम खत्म हुआ और मंत्री सामने आए, गुस्साए ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया। सुरक्षाकर्मियों ने मंत्री को तो बचा लिया, लेकिन खुद पर हमला झेलना पड़ा।
सुरक्षाकर्मी और समर्थक घायल
हमले में मंत्री के बॉडीगार्ड और कुछ समर्थक घायल हो गए। घायलों को हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, ग्रामीणों के आक्रोश को देखकर मंत्री श्रवण कुमार पैदल ही भाग निकले। बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब एक किलोमीटर तक दौड़ लगाई, तब जाकर जान बच सकी।
गांव में तनाव, पुलिस अलर्ट
हमले के बाद इलाके में तनाव फैल गया। प्रशासन ने तत्काल भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस अब वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे में गांव के कई लोगों की मौत के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा फूटा। Patna News