
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "मैंने पहले ही कहा था कि वक्फ विधेयक मुसलमानों पर हमला है, और भविष्य में यह अन्य समुदायों को भी निशाना बनाएगा।" उन्होंने यह भी कहा कि वक्फ विधेयक के बाद अब आरएसएस का ध्यान ईसाइयों की संपत्ति की ओर बढ़ने में समय नहीं लगेगा। उनका कहना था कि संविधान ही इस प्रकार के हमलों से बचाने की अंतिम सुरक्षा है और इसे बचाना हम सभी का कर्तव्य है।
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने एक खबर भी शेयर की, जिसमें दावा किया गया कि वक्फ बिल के पास होने के बाद अब आरएसएस का ध्यान कैथोलिक चर्च की भूमि पर है। एक लेख के अनुसार, कैथोलिक चर्च के पास 7 करोड़ हेक्टेयर भूमि है और इसे सबसे बड़ा गैर-सरकारी भूमि स्वामी बताया गया है। इस लेख के बाद से ही राजनीतिक माहौल और गरमाया है।
वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक, 2024 को लोकसभा और राज्यसभा से पारित कर दिया गया है। लोकसभा में 288 वोटों के साथ विधेयक पास हुआ, जबकि इसके खिलाफ 232 वोट पड़े। इसके बाद, राज्यसभा ने भी इसे मंजूरी दे दी। अब यह विधेयक राष्ट्रपति के पास सहमति के लिए भेजा जाएगा और उनकी मंजूरी के बाद यह कानून बन जाएगा।
कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इस विधेयक के खिलाफ हैं। कांग्रेस ने इस विधेयक के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने का ऐलान किया है। इसी तरह, तमिलनाडु की DMK ने भी इसके खिलाफ याचिका दाखिल करने की बात कही है। इसके बावजूद, सरकार अपने इस कदम पर कायम है और इसे मुस्लिम वक्फ संपत्तियों की पारदर्शिता बढ़ाने के लिए जरूरी कदम मानती है।Rahul Gandhi :