वैष्णो देवी मार्ग पर बड़ा हादसा : अर्द्धकुंवारी में भूस्खलन, कई श्रद्धालुओं के दबे होने की आशंका
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 02:11 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 02:11 AM
Vaishno Devi Incident : जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले से माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित पवित्र गुफा मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर मंगलवार को अचानक भारी भूस्खलन हुआ। यह हादसा अर्द्धकुंवारी के इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। आशंका है कि कई लोग मलबे के नीचे दब गए हैं।
एनडीआरएफ और प्रशासन अलर्ट
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान जारी है। लगातार बारिश की वजह से पहाड़ी से चट्टानें और मिट्टी खिसकने का सिलसिला थम नहीं रहा, जिससे रेस्क्यू आॅपरेशन में गंभीर मुश्किलें पेश आ रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता श्रद्धालुओं की जान बचाने और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने पर दी जा रही है।
बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, हालात गंभीर
जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में पिछले तीन दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। यही वजह है कि पहाड़ियों की मिट्टी ढीली पड़ गई और भूस्खलन की यह घटना घटी। जानकारी के मुताबिक, जम्मू संभाग में बारिश से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 24 से ज्यादा घर और पुल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। जम्मू शहर समेत निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति है और जलाशय खतरे के निशान से ऊपर बह रहे हैं।
सीएम उमर अब्दुल्ला हालात पर नजर बनाए हुए
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हालात की गंभीरता को देखते हुए कहा कि वे खुद स्थिति की निगरानी करेंगे। उन्होंने श्रीनगर से तुरंत जम्मू रवाना होने का ऐलान किया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और बिना जरूरत यात्रा मार्ग पर न निकलें।