Noida: नोएडा (चेतना मंच)। सेक्टर-62 स्थित जयपुरिया इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट ने अपने 16वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया। दीक्षांत समारोह में पीजीडीएम जनरल, पीजीडीएम (मार्केटिंग) और पीजीडीएम (सर्विस मैनेजमेंट) के छात्रों को डिग्री प्रदान की गयी।
दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि, डाइकिन एयर कंडीशनिंग इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कंवलजीत जावा ने छात्रों को डिग्रियां वितरित की। उन्होंने छात्रों को सम्बोधित करते हुए मानव सम्बन्धों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम, कार्य के प्रति ईमानदारी तथा विनम्रता होना आवश्यक है। जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए चुनौतियों को स्वीकार कर उनका सामना करके ही आगे बढ़ा जा सकता है।
इस अवसर पर इंस्टीट्यूट के चेयरमैन शरद जयपुरिया ने उपस्थित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि प्रयास करके ही हम लोगों के जीवन को बेहतर बना सकते हैं। जीवन में सफलता व अपना लक्ष्य प्राप्त करने के लिए बेहतर प्रयास करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रयास कितना भी छोटा क्यों न हो वह न सिर्फ हमारे लिए बल्कि राष्ट्र के लिए भी अहम होता हैं।
संस्थान के निदेशक डॉ. दयानंद ने संस्थान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जयपुरिया इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट नोएडा को मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एमएचआरडी), भारत सरकार द्वारा एनआईआरएफ़ में 59वां स्थान दिया गया है।
इस मौके पर जयपुरिया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के वाइस चेयरमैन श्रीवत्स जयपुरिया, डीन (एकेडेमिक्स), डॉ स्वाति अग्रवाल, डीन (एडमिनिस्ट्रेशन) डॉ विनोद कुमार तोमर सहित अन्य लोग मौजूद थे।