Omicron: दिल्ली में 4 और लोगों में मिला ओमीक्रोन, पहले मरीज को मिली अस्पताल से छुट्टी
कोरोना वायरस के बढ़ रहे मरीज. (Pc- twitter)
भारत
RP Raghuvanshi
14 Dec 2021 07:53 PM
भारत
RP Raghuvanshi
14 Dec 2021 07:53 PM
नई दिल्ली. दिल्ली में कोरोना वायरस (Coronavirus) के नए वेरिएंट ओमीक्रोन (Omicron) से 4 और लोग संक्रमित पाए गए हैं. स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने मंगलवार को कहा कि ये सभी हाल में विदेश यात्रा कर चुके हैं. उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस का ओमीक्रोन वेरिएंट अब तक सामुदायिक स्तर पर नहीं फैला है और प्रदेश में स्थिति नियंत्रण में है.
उन्होंने कहा, 'अब तक राजधानी में 6 लोग कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं. उनमें से एक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. उन सभी ने विदेश यात्रा की थी और उन्हें इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लोक नायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल में भेज दिया गया.
एयरपोर्ट से अब तक 74 यात्रियों को अस्पताल भेजा जा चुका है, जहां ओमीक्रोन के संदिग्ध मरीजों को आइसोलेट करने और उनके इलाज के लिए विशेष वार्ड बनाया गया है. उनमें से 36 को अस्पताल से घर भेजा जा चुका है. अस्पताल में 38 लोगों का इलाज अब भी चल रहा है.
अफसरों ने यह भी जानकारी दी है कि दिल्ली में कोरोना वायरस के ओमीक्रोन वेरिएंट से संक्रमित पाए गए पहले व्यक्ति को एलएनजेपी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. रांची के रहने वाले 37 वर्षीय व्यक्ति ने तंजानिया से दोहा की यात्रा की थी और फिर 2 दिसंबर को कतर एयरवेज की फ्लाइट से दिल्ली आया था. उसमें संक्रमण के हल्के लक्षण दिखे थे.