सुरों में सजी छोटे पर्दे की बड़ी कहानी, लॉन्च हुआ ITA Anthem
ITA Anthem
भारत
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 08:59 AM
ITA Anthem : भारतीय टेलीविजन की दुनिया में एक गौरवशाली अध्याय जुड़ गया है। इंडियन टेलीविजन अकेडमी (ITA) अवॉर्ड्स ने अपने 25 साल पूरे कर लिए हैं और इस खास मौके पर एक भावनात्मक और प्रेरणादायक 'आईटीए एंथम' लॉन्च किया गया। यह सिर्फ एक गाना नहीं बल्कि एक युग की कहानी है उस टेलीविजन यात्रा की जिसने करोड़ों दिलों को छुआ।
एंथम को इंडस्ट्री के सम्मान में समर्पित करते हुए आईटीए के संस्थापक अनु रंजन और शशि रंजन ने कहा, “यह एंथम हम सबकी साझा कहानी है। यह उन सपनों, संघर्षों और जज्बे को सलाम है, जिन्होंने हमारी स्क्रीन को जिंदा रखा।”
सुरों में बुनी कहानी
इस एंथम में टेलीविजन की शुरुआत से लेकर इसके आधुनिक स्वरूप तक की कहानी को संगीत और भावनाओं के जरिए बुना गया है।
यह उन अनगिनत तकनीशियनों, निर्देशकों, कलाकारों, लेखकों और निर्माताओं को समर्पित है, जिनके पसीने और कल्पनाशीलता से यह इंडस्ट्री खड़ी हुई।
महज समारोह नहीं बल्कि एक एहसास
ITA अवॉर्ड्स केवल पुरस्कारों का मंच नहीं रहा। यह मंच पिछले ढाई दशकों से भारतीय टेलीविजन की आत्मा और उसकी जीवंतता का उत्सव रहा है। हर साल ये अवॉर्ड्स उस समर्पण को पहचान देते हैं, जो कैमरे के आगे और पीछे काम करने वालों ने टीवी को एक जीवंत माध्यम में बदलने के लिए दिया।
जब पूरी इंडस्ट्री एक साथ आई...
एंथम लॉन्च के मौके पर टीवी इंडस्ट्री की तमाम नामचीन हस्तियां, उभरते कलाकार और दिग्गज चेहरे एक मंच पर जुटे। यह शाम सिर्फ यादों का जश्न नहीं थी, बल्कि एक ऐसी भावुक मिलन थी, जहां बीता कल, आज और आने वाला कल एक सुर में गूंज रहा था। जैसे ही ‘आईटीए एंथम’ गूंजा दर्शकों की आंखों में गर्व और नमी दोनों छलक आए। यह एंथम उस विरासत को श्रद्धांजलि देता है जिसने भारतीय समाज को जोड़ने, गढ़ने और गहराई से प्रभावित करने का काम किया और साथ ही उस भविष्य का स्वागत करता है जो और भी अधिक सशक्त, रचनात्मक और साहसी होगा।