Mumbai- मुंबई में 40 साल पुराने चार मंजिला इमारत के ढहने से हुआ बड़ा हादसा, लगभग 15 लोग मलबे में
भारत
चेतना मंच
19 Aug 2022 09:24 PM
Mumbai- शुक्रवार को मुंबई (Mumbai) के बोरीवली वेस्ट में एक बड़ा हादसा हो गया। बोरीवली वेस्ट के साईंबाबा नगर में एक 40 साल पुरानी 4 मंजिला इमारत ढहने की वजह से एक बड़ा हादसा हुआ है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड व पुलिस की टीम बचाव कार्य में लगी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि इमारत के मलबे में 14 से 15 लोग फंसे हुए हैं। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन अभी जारी है।
शुक्रवार की दोपहर करीब 12:30 बजे मुंबई (Mumbai) के बोरीवली वेस्ट में स्थित एक चार मंजिला इमारत अचानक से भरभरा कर गिर गई। बिल्डिंग का नाम गीतांजलि बताया जा रहा है। मौके पर मौजूद अधिकारियों के मुताबिक यह इमारत 40 साल पुरानी है। बीएमसी ने पहले ही इस इमारत को जर्जर घोषित कर दिया था, जिसके बाद इस बिल्डिंग को खाली भी करा दिया गया था। हालांकि जो इमारत गिरी है उसमें कोई भी शख्स मौजूद नहीं था, परंतु जब यह हादसा हुआ तो उस समय इस इमारत के बगल से काफी राहीगर गुजर रहे थे, इन्हीं राहीगरों में से 15 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।
घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां दो रेस्क्यू वैन और 3 एंबुलेंस मौजूद है। राहत कर्मी बचाव कार्य में लगे हुए हैं।
गौरतलब है कि अभी 15 अगस्त को भी मुंबई के मुलुंड इलाके में एक छत गिर गई थी। जिसके मलबे में फंस कर दो लोगों की मृत्यु हो गई थी। यह इमारत भी 20 से 25 साल पुरानी बताई गई थी। बीएमसी ने इसको लेकर भी नोटिस जारी किया था।