
Samachar : चेतना मंच के सभी सुधी पाठकों को सोमवार की प्यारभरी गुड़ मॉर्निंग। आपका दिन मंगलमय हो, आप स्वस्थ रहे और मस्त रहे। आज पूरे देश में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। चेतना मंच की इस खास पेशकश में हम आज की नोएडा और ग्रेटर नोएडा की ताजा खबरों से अवगत कराएंगे। इन चुनिंदा 10 खबरों में हम आपको बताएंगे कि आज आपके लिए कौन सी खबर काम की रहने वाली है। इसके अलावा नोएडा और ग्रेटर नोएडा की राजनीतिक, सामाजिक और अपराधिक दृष्टि से महत्वपूर्ण खबरों पर भी हम यहां नजर डालेंगे।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने 2000 रुपये के नोट को पूरी तरह से बंद दिया है। इस नोट के चलन से बाहर हो जाने और आरबीआई द्वारा सभी 2000 रुपये के नोट वापस लिए जाने के बाद अब सोशल मीडिया पर सुनने को मिल रहा है कि जल्द ही 1000 रुपये का नोट आएगा। 1000 रुपये के नए नोट मार्किट में लाए जाने पर भारतीय रिजर्व बैंक ने भी अपनी ओर से स्थिति को स्पष्ट किया।
नोएडा में 26 अक्टूबर के बाद गंगाजल नहीं बल्कि गंदा जल की आपूर्ति शुरू होगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी 16 नवंबर तक लोगों को कम दबाव में बमुश्किल एक घंटे तक गंदा जल की विभीषिका से रू-ब-रू होना पड़ेगा। जी हां! यह हकीकत है इस नोएडा की, जो प्रदेश का न सिर्फ शो विंडो है बल्कि राजस्व संग्रह में जिसे कामधेनु का दर्जा प्राप्त है।
मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को सशक्तकरण करने की दिशा में नोएडा में तीन पुलिस चौकियों में पिंक पुलिस बूथ का शुभारंभ किया गया। इसको मिलाकर जिले में पिंक पुलिस बूथों की कुल संख्या 7 हो गयी है।
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में रिश्तों को शर्मशार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक महिला के पति ने चुपके से दूसरी शादी कर ली। महिला ने जब इसकी शिकायत अपने ससुर से की तो ससुर की आंखें लालच से भर आई और अपनी बहू को कमरे में बंद करके दुष्कर्म किया। पीड़िता न्याय के लिए दर दर भटक रही है, जब कहीं से कोई न्याय नहीं मिला तो पीड़िता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
आगामी 26 अक्टूबर 2023 को इंदिरा गांधी कला केंद्र नोएडा में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत ‘मेरी माटी मेरा देश’ अमृत कलश यात्रा कार्यक्रम एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘वंदनोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा के जेवर के छोटे से गांव से गोविंदगढ़ से निकले प्रवीण कुमार ने चीन के हांगझोऊ में आयोजित चौथे पैरा एशियाई खेलों में पुरूषों की ऊंची कूद T-64 प्रतियोगिता में 2.02 मीटर की छलांग लगकर स्वर्ण पदक जीता है। प्रवीण ने उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी को पछाड़ कर स्वर्ण पदक हासिल किया। पदक जीतने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में खुशी का महौल है। ग्रामवासी और रिश्तेदार भी प्रवीण के परिजनों को बधाई देने पहुंच रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक मुस्लिम महिला ने शारदीय नवरात्रि की महानवमी पर एक बड़ा और सराहनीय काम किया है। इस मुस्लिम महिला ने शारदीय नवरात्रि की महानवमी पर अपने घर पर कन्या पूजन करके सांप्रदायिक सौहार्द और हिन्दू मुस्लिम एकता की मिसाल कायम की है।
राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (NGT) की ओर से प्रदूषण की रोकथाम को लेकर जारी किए गए किसी भी दिशा निर्देश का नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कोई अनुपालन नहीं हो रहा है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भी प्रदूषण रोकने के लिए कुछ ही दिन अभियान चलाया, इसके बाद यह भी बंद हो गया। हालात सभी के सामने हैं। ग्रेटर नोएडा फिर से देश का सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। नोएडा भी रेड जोन में पहुंच गया है। इन दोनों शहरों की वायु गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है।
एक ओर जहां राज्य सरकार कारोबारियों को समय से टैक्स जमा करने के लिए बार बार आगाह कर रही है, वहीं दूसरी ओर यूपी के हाईटेक सिटी नोएडा के 11 हजार से ज्यादा व्यापारी टैक्स की रकम डकार रहे हैं। ये वें व्यापारी हैं जो प्रतिदिन लाखों रुपये का कारोबार करते हैं, लेकिन टैक्स देने के नाम पर उनके पास एक रुपया भी नहीं है।
दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए एक कहावत है कि ‘दिल्ली दिल वालों की’, लेकिन नोएडावासी तो इससे भी आगे बढ़कर हैं। नोएडा के लोग त्योहारी सीजन का जमकर मजा ले रहे हैं। जमकर खरीदारी कर रहे हैं और दिल खोलकर पैसा खर्च कर रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण खरीदारी के लिए होने वाली ऑनलाइन ट्रांजेक्शन है। नोएडा में रोजाना 43 लाख 20 हजार ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हो रही है। यदि पिछले एक सप्ताह की बात करें तो 3 करोड़ 2 लाख 40 हजार बार ऑनलाइन खरीदारी हुई। Aaj ka Samachar
चलते चलते