नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के मजदूर प्रकोष्ठ के सचिव 55 वर्षीय संदीप भारद्वाज अपने ही घर में फांसी पर लटके पाए गए। वह पश्चिमी दिल्ली स्थित घर में अपनी दो बेटियों व बेटे के साथ रहते थे। बताया जाता है कि वह तलाकशुदा थे। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के मजदूर प्रकोष्ठ के सचिव संदीप भारद्वाज को उनके एक दोस्त कुकरेजा अस्पताल ले गए। पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त घनश्याम बंसल ने कहा कि पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली कि राजौरी गार्डन निवासी संदीप भारद्वाज को उनके आवास से मृत लाया गया है। पुलिस की अपराध शाखा की टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने कहा कि दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 174 के तहत पूछताछ की कार्यवाही कानून के अनुसार की जा रही है। पुलिस ने कहा कि मृतक संदीप भारद्वाज संगमरमर समेत अन्य पत्थरों का कारोबार करते थे ।