Accident : 200 किलोमीटर की स्पीड में यमुना एक्सप्रेस वे से नीचे गिरी बीएमडब्ल्यू कार, एक की मौत
भारत
RP Raghuvanshi
03 Sep 2022 05:30 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार का जुनून बीएमडब्ल्यू कार चालक को खासा महंगा पड़ गया। एक्सप्रेस वे पर करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही बीएमडब्ल्यू कार सेफ्टी रेलिंग तोड़कर एक्सप्रेस वे से नीचे जा गिरी। इस हादसे में कार चालक की मौत हो गई। जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा इतना भीषण था कि बीएमडब्ल्यू कार के परखच्चे उड़ गए।
दनकौर थाना प्रभारी राधा रमन सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि यमुना एक्सप्रेसवे पर गलगोटिया कॉलेज के पास तेज गति में जा रही एक बीएमडब्ल्यू कार सेफ्टी रेलिंग तोड़कर एक्सप्रेसवे से नीचे गिर गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकलवा और कैलाश अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने कार चालक भरत को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल गौरव का इलाज चल रहा है। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच पड़ताल में पता चला है कि दोनों व्यक्ति हरियाणा के बहादुरगढ़ के रहने वाले है। वे नोएडा से आगरा की तरफ जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों से पता चला है कि दुर्घटना के समय बीएमडब्ल्यू कार की स्पीड करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटा के आसपास थी, जिस कारण कार चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सेफ्टी रेलिंग को तोड़कर एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरी। हादसे के वक्त कार की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीएमडब्ल्यू कार के परखच्चे उड़ गए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है।