
Bageshwar Dham : आस्था के केंद्र बागेश्वर धाम में एक बार फिर श्रद्धा पर हादसे की परछाईं पड़ गई। मंगलवार तड़के तेज बारिश और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बागेश्वर धाम के पास स्थित एक ढाबे की छत अचानक भरभराकर ढह गई। इस दुर्घटना में उत्तर प्रदेश से आई एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ, जब श्रद्धालु रात विश्राम कर रहे थे। उसी दौरान मौसम बिगड़ा और भारी बारिश के साथ बिजली गिरी, जिससे ढाबे की जर्जर छत गिर गई। हादसे में जान गंवाने वाली महिला उत्तर प्रदेश की निवासी थी। उसका शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह ढाबा लंबे समय से बागेश्वर धाम आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने का प्रमुख स्थान था। सोमवार को भी दर्जनों श्रद्धालु यहां रुके हुए थे। प्रशासनिक स्तर पर ढाबों और अस्थायी विश्राम स्थलों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही अब सामने आने लगी है।
यह घटना कोई पहली नहीं है। महज कुछ दिन पहले, 3 जुलाई को भी बागेश्वर धाम परिसर में आरती के दौरान शेड गिरने की घटना में उत्तर प्रदेश के बस्ती निवासी श्यामलाल कौशल (50) की मौत हो गई थी। तब भी प्रशासनिक लापरवाही को लेकर तीखा विरोध हुआ था। Bageshwar Dham