Action : माफिया मुख्तार अंसारी का मकान और अफजाल की जमीन जब्त
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 10:03 PM
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 10:03 PM
Ghazipur : गाजीपुर। यूपी का कुख्यात माफिया मुख्तार अंसारी बेशक जेल में है, लेकिन उसे अभी राहत मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। सरकार के आदेश पर प्रदेश में माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को गाजीपुर जिले के यूसुफपुर मोहम्मदाबाद में पुलिस ने माफिया मुख्तार अंसारी के मकान को सीज कर दिया। इसके अलावा मुख्तार के भाई अफजार अंसारी की जमीन को भी पुलिस ने सीज कर कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मुख्तार गैंग के सक्रिय सदस्य काजू कुरैशी की भी जमीन सीज की है। कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 2.5 करोड़ है।
एसपी राहुल बोत्रे ने बताया कि सरकार के आदेश पर अपराध व अपराधियों के विरुद्ध गाजीपुर में अवैध तरीके से धन, भू-सम्पत्ति व अचल सम्पत्ति अर्जित करने वाले माफिया के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मुहम्मदाबाद के थाना प्रभारी की रिपोर्ट पर उन्होंने जिलाधिकारी से कुर्की आदेश पारित करने की संस्तुति की थी। उसके बाद डीएम ने 13 सितंबर को गैंगस्टर एक्ट 1986 की धारा 14(1) के तहत कुर्की का आदेश पारित किया था। उसके आधार पर आज कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि मुख्तार अंसारी ने अवैध तरीके से मकान नंबर-130 का निर्माण कराया गया है। इस संपत्ति की सरकारी बाजारी कीमत 25 लाख 11 हजार रुपये है। अफजाल अंसारी के पास से आराजी नंबर 403 के रकबा 0.033 हेक्टेयर, आराजी संख्या 405 के रकबा 0.075 हेक्टेयर, आराजी संख्या 407 के रकबा 0.086 हेक्टेयर, आराजी संख्या 402 के रकबा 0.097 हेक्टेयर, आराजी संख्या 408 के रकबा 0.255 हेक्टेयर कुल 0.326 हेक्टेयर जमीन को कुर्क किया गया है। इसकी सरकारी मूल्य 69लाख 68 हजार 500 रुपये तथा बाजार मूल्य 01 करोड़ 85 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि मुख्तार अंसारी गिरोह के सक्रिय सदस्य काजू उर्फ शहनवाज उर्फ काजू कुरैशी के पास से भूखण्ड संख्या-30 में कुल 42 वर्गमीटर, क्रयशुदा जमीन भूखण्ड संख्या 30 में कुल 123.264 वर्ग मीटर जमीन को कुर्क किया गया है। इसकी सरकारी कीमत 14लाख 50 हजार रुपये जबकि इसकी बाजार कीमत 40 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि आज कुर्क की गई संपत्तियांे का मूल्य लगभग 2.5 करोड़ है।
एसपी राहुल बोत्रे ने बताया कि यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट 1986 की धारा-14ए के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस अभी इस गिरोह के सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। जैसे-जैसे जानकारी मिलती रहेगी, इस तरह की कार्रवाई की जाएगी। एसपी के मुताबिक मुख्तार गैंग के सदस्यों और उनकी संपत्तियों की जानकारी जुटाने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्तार अंसारी, अफजाल अंसारी पुत्र सुभानुल्लाह अंसारी और काजू उर्फ शहनवाज उर्फ काजू कुरैशी पुत्र हसनैन कुरैशी द्वारा अपने परिवारिजन के नाम अवैध ढंग से अर्जित की गई भू-सम्पत्ति को कुर्क किया गया है।