अफगानिस्तान बनाम श्रीलंका: अपनी आस बनाए रखने के लिए भिड़ेंगी दोनों टीम
IND-AFG T20 Series
भारत
चेतना मंच
29 Oct 2023 11:58 PM
अफगानिस्तान बनाम श्रीलंका: 13वें विश्व कप के 30वें मैच में 30 अक्टूबर, सोमवार को अफगानिस्तान का मुक़ाबला श्रीलंका से होगा। दोनों टीमों के बीच ये मैच महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, पुणे में खेला जाएगा। सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए ये मैच दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण होगा। जो टीम हारेगी, उसके लिए आगे जाने के रास्ते बंद हो जाएंगे।
ऐसा रहा है दोनों टीमों का विश्व कप में अब तक प्रदर्शन
दोनों टीमों के इस विश्व कप में किए गए प्रदर्शन की बात की जाए, तो दोनों टीमों ने विश्व कप 2023 में 5-5 मैच खेले है। अपने 5 मैचों में से दोनों टीमों ने केवल 2-2 मैच ही जीते हैं और 3-3 मैच हारे हैं। श्रीलंका को सिर्फ नीदरलैंड्स और इंग्लैंड के खिलाफ ही सफलता मिली है। जबकि उसे साउथ अफ्रीका, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार मिली है। उसका प्रदर्शन इस विश्व कप में अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा है।
दूसरी ओर अफगानिस्तान की बात करें तो उसको बांग्लादेश, भारत और न्यूजीलैंड से हार का सामना करना पड़ा है, जबकि उसने सभी को चौकाते हुए डिफेंडिंग चैम्पियन इंग्लैंड और पूर्व चैम्पियन पाकिस्तान को हराया है। उसका प्रदर्शन अपेक्षा से बेहतर रहा है। इस मैच में वो पाकिस्तान के खिलाफ मिली धमाकेदार जीत के बाद बढ़े हुए मनोबल के साथ उतरेगी।
अफगानिस्तान बनाम श्रीलंका: इन खिलाड़ियों पर रहेगी निगाहें
इस मैच में जिन खिलाड़ियों पर निगाहें रहेंगी, उनमें श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस, पथुम निशंका, सदीरा समरविक्रमा, मधुशंका और पूर्व कप्तान एंजलो मैथ्यूज शामिल हैं।
अगर अफगानिस्तान के खिलाड़ियों की बात करें तो इनमें विकेट कीपर बल्लेबाज रहमतुल्ला गुरबाज, इब्रहीम जादरान, स्टार स्पिनर राशिद खान, मुजीब उर रहमान और मोहम्मद नबी भी शामिल हैं। इसके अलावा मौका मिलने पर नई सनसनी नूर अहमद भी अपना प्रभाव छोड़ सकते हैं।
ग्रेटर नोएडा– नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।