AI Jobs Without Coding: आज कई ऐसे AI रोल्स सामने आ रहे हैं जहां क्रिएटिव सोच, कम्युनिकेशन स्किल, रिसर्च और समस्या को समझने की क्षमता ज्यादा मायने रखती है। यानी अगर आपका बैकग्राउंड नॉन-टेक है और आपको टेक्नोलॉजी में रुचि है, तो भी AI इंडस्ट्री में आपके लिए अच्छे मौके मौजूद हैं।

AI Jobs: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब सिर्फ कोड लिखने वाले इंजीनियर्स तक सीमित नहीं रह गया है। तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी की दुनिया में अब ऐसे लोगों की भी जरूरत बढ़ रही है जो AI को समझ सकें, उसकी रणनीति बना सकें और उसे बेहतर तरीके से इस्तेमाल करना जानते हों। अगर आपको लगता है कि AI में करियर बनाने के लिए कंप्यूटर कोडिंग आना जरूरी है तो यह पूरी तरह सही नहीं है। आज कई ऐसे AI रोल्स सामने आ रहे हैं जहां क्रिएटिव सोच, कम्युनिकेशन स्किल, रिसर्च और समस्या को समझने की क्षमता ज्यादा मायने रखती है। यानी अगर आपका बैकग्राउंड नॉन-टेक है और आपको टेक्नोलॉजी में रुचि है, तो भी AI इंडस्ट्री में आपके लिए अच्छे मौके मौजूद हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही 3 AI करियर ऑप्शन के बारे में जिनमें आने वाले समय में डिमांड और बढ़ने की उम्मीद है।
AI प्रोडक्ट मैनेजर की भूमिका किसी भी AI प्रोडक्ट की शुरुआत से लेकर उसके सफल होने तक बेहद अहम होती है। यह तय करना कि AI प्रोडक्ट किस समस्या को हल करेगा और यूजर्स के लिए इसे बेहतर कैसे बनाया जा सकता है इसी प्रोफाइल की जिम्मेदारी होती है। इस रोल में काम करने वाला व्यक्ति डेवलपर्स, डिजाइनर्स और बिजनेस टीम के बीच तालमेल बनाकर चलता है। उसे यह समझना होता है कि यूजर की जरूरत क्या है और AI प्रोडक्ट को बाजार में कैसे सफल बनाया जा सकता है। इस फील्ड में करियर बनाने के लिए कोडिंग से ज्यादा जरूरी है कि आपकी मार्केट रिसर्च अच्छी हो, बिजनेस की समझ हो और आप अपनी बात को सही तरीके से टीम तक पहुंचा सकें।
ChatGPT जैसे जेनेरेटिव AI टूल्स के आने के बाद प्रॉम्प्ट इंजीनियर की डिमांड तेजी से बढ़ी है। इस रोल में व्यक्ति AI टूल्स को सही निर्देश देना सीखता है ताकि उससे बेहतर और सटीक रिजल्ट हासिल किए जा सकें। एक अच्छा प्रॉम्प्ट इंजीनियर यह समझता है कि AI से किस तरह सवाल पूछा जाए, कौन-सी जानकारी दी जाए और किस तरीके से निर्देश तैयार किए जाएं ताकि आउटपुट ज्यादा उपयोगी हो। इस क्षेत्र में सफल होने के लिए भाषा पर अच्छी पकड़, क्रिएटिव सोच और लॉजिकल अप्रोच काफी जरूरी है। अगर आपको लिखना पसंद है और नई चीजें सीखने में रुचि है तो यह आपके लिए एक अच्छा करियर विकल्प बन सकता है।
AI का इस्तेमाल बढ़ने के साथ यह सवाल भी महत्वपूर्ण हो गया है कि इसका इस्तेमाल कितना सुरक्षित और सही तरीके से किया जा रहा है। इसी वजह से AI एथिसिस्ट या AI गवर्नेंस स्पेशलिस्ट जैसे रोल्स की जरूरत बढ़ रही है। इस प्रोफाइल में काम करने वाले विशेषज्ञ यह देखते हैं कि AI सिस्टम किसी तरह का भेदभाव न करे और डेटा प्राइवेसी जैसे नियमों का सही तरीके से पालन हो। इस फील्ड में करियर बनाने के लिए क्रिटिकल थिंकिंग, रिस्क को समझने की क्षमता और नियम-कानून की जानकारी होना फायदेमंद होता है।
AI की दुनिया लगातार बदल रही है। आने वाले समय में सिर्फ टेक्निकल स्किल रखने वाले लोगों की ही नहीं, बल्कि ऐसे लोगों की भी जरूरत होगी जो AI को समझकर उसका सही इस्तेमाल कर सकें। अगर आपकी कम्युनिकेशन स्किल अच्छी है, आप समस्याओं को समझकर समाधान निकाल सकते हैं और नई टेक्नोलॉजी सीखने के लिए तैयार रहते हैं तो AI इंडस्ट्री में आपके लिए कई रास्ते खुल सकते हैं।
विज्ञापन