सैनिक स्कूल एडमिशन 2026: आवेदन की लास्ट डेट नजदीक है, जल्दी करें अप्लाई!
भारत
चेतना मंच
27 Oct 2025 02:06 PM
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से ऑल इंडिया सैनिक स्कूल एंट्रेंस एग्जाम (AISSEE 2026) के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। इस परीक्षा के माध्यम से देशभर के सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 और 9 में दाखिला मिलता है। जो अभिभावक अपने बच्चों को सैनिक स्कूल में एडमिशन दिलवाना चाहते हैं, उनके लिए अब आवेदन करने का मौका बहुत कम बचा है। आवेदन करने की आखिरी तारीख 30 अक्टूबर 2025 तय की गई है, जबकि परीक्षा शुल्क 31 अक्टूबर 2025 तक जमा किया जा सकता है।
AISSEE 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया
सैनिक स्कूल एडमिशन के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवारों को NTA की आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.nic.in
पर जाकर फॉर्म भरना होगा। वेबसाइट पर जाकर SAINIK SCHOOL SOCIETY सेक्शन में “Registration for AISSEE-2026 Examination is LIVE!” लिंक पर क्लिक करके रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। सभी आवश्यक जानकारी भरने के बाद आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म को सबमिट करना होगा। आवेदन पूरा करने के बाद फॉर्म का प्रिंटआउट भविष्य के लिए सुरक्षित रखना जरूरी है।
कौन कर सकता है आवेदन
सैनिक स्कूल की कक्षा 6 में एडमिशन के लिए छात्र की आयु 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जबकि कक्षा 9 में प्रवेश के लिए छात्र की आयु 13 से 15 वर्ष के बीच निर्धारित है। उम्र की गणना 31 मार्च 2026 को ध्यान में रखकर की जाएगी।
एप्लीकेशन फीस
AISSEE परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क जनरल, ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर), डिफेंस/एक्स-सर्विसमैन वर्ग के उम्मीदवारों के लिए ₹850 रखा गया है, जबकि एससी/एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को ₹700 फीस देनी होगी। भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है।
फॉर्म करेक्शन और परीक्षा की तिथि
जिन उम्मीदवारों से आवेदन फॉर्म में कोई गलती हो जाती है, वे 2 से 4 नवंबर 2025 तक अपने फॉर्म में सुधार कर सकेंगे। NTA की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, AISSEE 2026 परीक्षा का आयोजन जनवरी 2026 में किया जाएगा। परीक्षा का शेड्यूल और एडमिट कार्ड की जानकारी बाद में जारी की जाएगी।