AISSEE 2026: सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा की तारीख घोषित, मैथ्स होगा गेमचेंजर!
भारत
चेतना मंच
31 Oct 2025 10:25 AM
AISSEE 2026 सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा: ऑल इंडिया सैनिक स्कूल एंट्रेंस एग्जाम (AISSEE 2026) की तारीख आखिरकार घोषित कर दी गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जानकारी दी है कि देशभर के सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 और 9 में दाखिले के लिए यह परीक्षा 18 जनवरी 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा पेन और पेपर मोड में देश के करीब 190 शहरों में ऑफलाइन होगी। AISSEE का आवेदन करने की अंतिम तिथि 9 नवंबर 2025 तय की गई है, जबकि उम्मीदवार 10 नवंबर तक फीस का भुगतान कर सकेंगे। इसके बाद 12 से 14 नवंबर 2025 के बीच आवेदन फॉर्म में सुधार की सुविधा दी जाएगी।
मैथ्स होगा सबसे अहम विषय
सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में इस बार भी गणित यानी मैथ्स का रोल सबसे बड़ा रहेगा। परीक्षा पैटर्न के अनुसार कक्षा 6 और 9 दोनों में लगभग 50 प्रतिशत सवाल मैथ्स से जुड़े होंगे। कक्षा 6 के लिए मैथ्स के कुल 50 सवाल होंगे जो 150 अंकों के होंगे, जबकि कक्षा 9 में 50 प्रश्न 200 अंकों के रहेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि सैनिक स्कूलों में दाखिले की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए मजबूत मैथ्स बेस ही सफलता की कुंजी बनेगा। यानी, जिसका मैथ्स अच्छा है, वही इस परीक्षा में बाजी मार सकता है।
आवेदन प्रक्रिया और योग्यता
AISSEE 2026 के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थी NTA की वेबसाइट exams.nta.nic.in/sainik-school-society पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। देशभर के 33 पुराने सैनिक स्कूलों के साथ 69 नए स्वीकृत सैनिक स्कूलों में भी दाखिला इस परीक्षा के जरिए होगा। कक्षा 6 में आवेदन के लिए छात्र की उम्र 31 मार्च 2026 तक 10 से 12 वर्ष के बीच और कक्षा 9 के लिए 13 से 15 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
सामान्य, ओबीसी (NCL), डिफेंस और एक्स-सर्विसमैन श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क ₹850 है, जबकि एससी और एसटी वर्ग के लिए ₹700 रखा गया है।
परीक्षा पैटर्न और न्यूनतम योग्यता
कक्षा 6 की परीक्षा 150 मिनट की होगी और इसमें कुल 125 प्रश्न (300 अंक) पूछे जाएंगे। वहीं, कक्षा 9 की परीक्षा 180 मिनट की होगी जिसमें 150 प्रश्न (400 अंक) होंगे। दोनों ही परीक्षाओं में उम्मीदवार को प्रत्येक सेक्शन में कम से कम 25 प्रतिशत अंक और कुल मिलाकर 40 प्रतिशत अंक लाने होंगे। हालांकि एससी और एसटी छात्रों के लिए यह शर्त लागू नहीं है।
रिजल्ट और आगे की प्रक्रिया
सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट परीक्षा के चार से छह सप्ताह बाद घोषित किया जाएगा। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को इंटरव्यू और मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा। चयनित विद्यार्थियों को देश के किसी भी सैनिक स्कूल में दाखिला मिलेगा। सैनिक स्कूलों में प्रवेश पाने का सपना देखने वाले छात्रों के लिए यह परीक्षा एक सुनहरा अवसर है।
AISSEE 2026 न केवल देश के प्रमुख सैनिक स्कूलों में दाखिले का रास्ता है, बल्कि छात्रों के लिए एक अनुशासित और शानदार भविष्य की शुरुआत भी है। जो विद्यार्थी अभी से मैथ्स और जनरल नॉलेज पर ध्यान केंद्रित करेंगे, उनके लिए सफलता की संभावना सबसे अधिक रहेगी। इसलिए कहा जा सकता है। सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में बाजी वही मारेगा, जिसका मैथ्स होगा सबसे दमदार।
सैनिक स्कूल एडमिशन 2026: आवेदन की लास्ट डेट नजदीक है, जल्दी करें अप्लाई!