विज्ञापन
Operation Sindoor 2.0 : भारत ने मई 2025 में पाकिस्तान में आतंकी ढाँचे को तबाह करने के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम का एक सैन्य अभ्यास शुरू किया था। यह कदम अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में उठाया गया था, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी।

Operation Sindoor 2.0 : सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने 30 मई को कहा कि अगर जरुरत पड़ी तो सशस्त्र बल 'ऑपरेशन सिंदूर 2.0' के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि तीनों सेनाएं आधुनिक मल्टी-डोमेन युद्ध के लिए तालमेल बढ़ा रही हैं, जो ज़मीन, हवा और समुद्र से भी आगे तक फैला हुआ है।
पुणे में नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) के 150वें कोर्स की पासिंग-आउट परेड के मौके पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए, जनरल द्विवेदी ने यह बात कही।
सेना प्रमुख ने कहा, "जहाँ तक 'ऑपरेशन सिंदूर' की बात है, तो सबसे पहले तो यह अभी भी जारी है। अभी सिर्फ़ कुछ समय के लिए लड़ाई रुकी हुई है। इसलिए, अगर 'ऑपरेशन सिंदूर 2.0' होता है, तो भारतीय सेना और तीनों सेनाएँ इसके लिए अच्छी तरह से तैयारी कर रही हैं।"
पिछले साल हुआ था 'ऑपरेशन सिंदूर'
भारत ने मई 2025 में पाकिस्तान में आतंकी ढाँचे को तबाह करने के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम का एक सैन्य अभ्यास शुरू किया था। यह कदम अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में उठाया गया था, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी।
आर्मी चीफ ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने एक बेंचमार्क सेट कर दिया है कि भारत किसी भी उकसावे पर कैसे जवाब देता है। कैडेट्स अपने करियर की शुरुआत से ही इस बेंचमार्क को बनाए रखें। उन्होंने कहा, "मॉर्डन वॉरफेयर पूरी तरह पारदर्शी हो गया है। 24 घंटे हर गतिविधि पर नजर रखी जाती है। ऐसे में सैनिकों की तैनाती, ऑपरेशन और बॉर्डर एरिया में नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बेहद सतर्क रहने की जरूरत है।"
सेना प्रमुख ने कहा, "जीत हमेशा दिमाग में होती है। यह जमीन पर नहीं होती। इसलिए, इन्फॉर्मेशन वॉरफेयर तभी सफल होता है जब पूरा देश एक साथ आए और इन्फॉर्मेशन देने वाले लोगों पर भरोसा करे। जिस देश के नागरिक और संस्थाएं एक-दूसरे पर विश्वास करती हैं, वह देश हमेशा मजबूत स्थिति में रहता है।"
विज्ञापन