
बागपत न्यूज लाइव : उत्तर प्रदेश के बागपत ज़िले के ट्यौढी गाँव में रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता अमन कुमार को यूनाइटेड नेशन फ्रेमवर्क कन्वेंशन ऑन क्लाइमेट चेंज (UNFCCC) के अधिकारिक युवा समूह योंगो की सदस्यता मिली है। उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें बड़े पैमाने पर बधाईयाँ मिल रही हैं।
योंगो के सदस्य के रूप में बागपत के अमन, यूएनएफसीसीसी द्वारा आयोजित की जा रही कॉप 28 कांफ्रेंस के चर्चा बिंदुओं, प्राथमिकताओं और नीतियों पर अपनी राय देंगे। गौरतलब है कि इस वर्ष कॉप 28 की अध्यक्षता यूएई कर रहा है जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित 197 देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल होंगे और जलवायु परिवर्तन के लिए प्रभावी नीतियों पर चर्चा करेंगे।
अमन कुमार ने बताया कि वह वर्तमान में नेहरू युवा केन्द्र बागपत से जुड़े है और इग्नू से समाज कार्य विषय की पढ़ाई कर रहे है। हाल ही में अमन ने पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली पर आधारित पुस्तक चूज लाइफ लॉन्च की और विभिन्न संगठनों के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जिसके आधार पर उनके आवेदन को स्वीकार कर यूएनएफसीसीसी के आधिकारिक युवा समूह योंगो की सदस्यता दी गई है। वर्तमान में योंगो के साथ विश्वभर के दस हजार से अधिक पर्यावरणविद और लगभग एक हजार संगठन जुड़े है।
उल्लेखनीय है कि कॉप कांफ्रेंस के माध्यम से विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष, पर्यावरण मंत्री, नीति निर्माता और युवा प्रतिनिधि आदि एक मंच पर आकर वैश्विक स्तर पर जलवायु परिवर्तन के समाधान पर चर्चा करते है। ग्लासगो में आयोजित हुई 26वीं कॉप कांफ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली यानी मिशन लाइफ की घोषणा की गई थी जो आज देशभर में प्रमुखता से संचालित किया जा रहा है और वर्ष 2028 तक देश के 80 प्रतिशत ग्रामीण क्षेत्रों एवं शहरी निकायों को प्रकृति इको फ्रेंडली बनाने की दिशा में योगदान दे रहा है।