पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और रूपनगर रेंज के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) हरचरण सिंह भुल्लर को CBI (केंद्रीय जांच ब्यूरो) ने भ्रष्टाचार के एक कथित मामले में गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई फतेहगढ़ साहिब के मंडी-गोबिंदगढ़ क्षेत्र के एक स्क्रैप डीलर द्वारा की गई शिकायत के आधार पर शुरू हुई जांच का हिस्सा है। -Punjab News
कार्यालय से हुई गिरफ्तारी, तीन स्थानों पर छापेमारी
CBI ने DIG भुल्लर को मोहाली स्थित उनके कार्यालय से बुधवार को गिरफ्तार किया। मामले में एक कथित बिचौलिए को भी हिरासत में लिया गया है। एजेंसी ने भुल्लर के कार्यालय, आवास और एक अन्य अज्ञात स्थान पर छापेमारी कर अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत जुटाए हैं।
गिरफ्तारी के तुरंत बाद भुल्लर को पंचकूला ले जाया गया, जहां उनसे कई घंटों तक पूछताछ की गई। इसके बाद उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर-30 स्थित सीबीआई कार्यालय लाया गया। पूरे ऑपरेशन को पूरी तरह गोपनीय और स्वतंत्र बनाए रखने के लिए पंजाब पुलिस के किसी अधिकारी को टीम में शामिल नहीं किया गया।
पंजाब पुलिस के IG (मुख्यालय) सुखचैन सिंह गिल ने भी CBI कार्यालय का दौरा किया, हालांकि उन्होंने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की। पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस मसले पर फिलहाल चुप्पी साधे हुए हैं।
हरचरण सिंह भुल्लर ने 27 नवंबर 2024 को रूपनगर रेंज के DIG का पदभार संभाला था। इससे पहले वे पटियाला रेंज में भी DIG के रूप में तैनात रहे। भुल्लर को ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ नामक राज्यव्यापी एंटी-ड्रग अभियान में उनकी सक्रिय भूमिका के लिए जाना जाता है। DIG भुल्लर पूर्व पंजाब पुलिस महानिदेशक (DGP) मेहल सिंह भुल्लर के बेटे हैं। उन्होंने उस विशेष जांच टीम (SIT) का नेतृत्व भी किया था, जिसने अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया से ड्रग तस्करी के मामले में पूछताछ की थी।
CBI इस मामले में और सबूतों की तलाश कर रही है और आने वाले दिनों में पूछताछ का दायरा बढ़ाया जा सकता है। भुल्लर की गिरफ्तारी से पंजाब पुलिस महकमे में हलचल मच गई है और यह मामला राज्य की कानून-व्यवस्था तथा राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गया है।