National News: खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है।

तृणमूल कांग्रेस के विधायक और बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की मौत हो गई। उनका शव बीरभूम जिले के रामपुरहाट में उनके घर के पास स्थित पार्टी ऑफिस में मिला। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि मौत की पूरी वजह अभी साफ नहीं हुई है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
आशीष बनर्जी रामपुरहाट के वार्ड नंबर 5 के हट्टलपारा में रहते थे। उनके घर के ठीक पास ही तृणमूल कांग्रेस का पार्टी ऑफिस है। रविवार सुबह वहीं उनका शव मिला। सूचना मिलने के बाद रामपुरहाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मौत की वजह को लेकर कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति और साफ होगी।
आशीष बनर्जी रामपुरहाट विधानसभा सीट से पांच बार विधायक चुने गए थे। तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनने के बाद उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं। वह स्कूल शिक्षा मंत्री, कृषि मंत्री और आयुष मंत्री भी रह चुके थे। 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद ममता बनर्जी की सरकार में उन्हें विधानसभा का उपसभापति बनाया गया था।
आशीष बनर्जी ने 2026 के विधानसभा चुनाव में भी तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर रामपुरहाट से चुनाव लड़ा था लेकिन इस बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बीजेपी उम्मीदवार ध्रुव साहा ने उन्हें हराया था। जिला राजनीति में आशीष बनर्जी को अनुब्रत मंडल का करीबी माना जाता था। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद जून में उन्होंने रामपुरहाट के जिला तृणमूल अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके साथ ही उन्होंने बीरभूम तृणमूल की कोर कमेटी की सदस्यता भी छोड़ दी थी।
आशीष बनर्जी की मौत के बाद इलाके में हलचल मच गई। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
विज्ञापन