National News: बाबा साहेब के संघर्षों ने लाखों लोगों को उम्मीद दी:मोदी
National News:
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 11:36 AM
National News: नयी दिल्ली। बाबा साहेब के संघर्षों ने लाखों लोगों को उम्मीद दी। भारत को इतना व्यापक संविधान देने के उनके प्रयासों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। महापरिनिर्वाण दिवस पर संविधान निर्माता एवं भारत रत्न भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह बात कही।
उन्होंने एक ट्वीट किया, हमारे राष्ट्र के लिए उनकी अनुकरणीय सेवा को याद करता हूं। बाबा साहेब की पुण्यतिथि हर वर्ष छह दिसंबर को मनाई जाती है। इसे महापरिनिर्वाण दिवस के तौर पर मनाया जाता है। बाबासाहेब आंबेडकर का निधन छह दिसंबर, 1956 को नयी दिल्ली में हुआ था।
लखनऊ में मायावती ने दी अंबेडकर को श्रद्धांजलि
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर मंगलवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित और कहां कि अगर देश की सरकारें संविधान के पवित्र उसूलों के तहत काम करतीं, तो करोड़ों गरीबों को कई मुसीबतों से मुक्ति मिल गई होती।
National News:
मायावती ने सुबह लखनऊ में आंबेडकर के 66वें परिनिर्वाण दिवस पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा, देश को पूर्ण जनहितैषी, कल्याणकारी एवं समतामूलक संविधान देकर धन्य करने वाले परमपूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को उनके परिनिर्वाण दिवस पर शत-शत नमन। उन्होंने हर मामले में बेहतरीन संविधान देकर भारत का नाम देश-दुनिया में जो रोशन किया है वह अनमोल है। देश उनका सदा आभारी है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने एक अन्य ट्वीट किया, देश की सरकारें काश उस संविधान के पवित्र उसूलों के तहत कार्य करतीं, तो यहां करोड़ों गरीब एवं मेहनतकशों को कई मुसीबतों से कुछ मुक्ति मिल गई होती। संविधान के आदर्श को ज़मीनी हकीकत में बदलकर लोगों के अच्छे दिन लाने की ज़िम्मेदारी में विमुखता एवं विफलता दुखद, चिंतनीय है।
उन्होंने कहा, बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर का नाम आते ही संवैधानिक हक के तहत लोगों के हित, कल्याण, उनके जान-माल-मज़हब की सुरक्षा तथा आत्म-सम्मान व स्वाभिमान के साथ जीने की गारंटी की याद आती है। अतः रोज़ी-रोटी, न्याय, सुख-शांति व समृद्धि से वंचित लोगों की चिंता करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धाजलि है।