बाढ़ कोर्ट में बाहुबली अनंत सिंह ने किया सरेंडर, बेऊर जेल भेजा
Anant Singh
भारत
चेतना मंच
24 Jan 2025 08:39 PM
Anant Singh : बिहार में मोकामा गैंगवार और फायरिंग की घटनाओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 22 जनवरी को मोकामा में हुए गोलीबारी में अनंत सिंह और सोनू-मोनू गैंग के बीच करीब 70-80 राउंड गोलियां चलीं। इस संघर्ष में अनंत सिंह बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके एक समर्थक को गोली लग गई। इस घटना के बाद अनंत सिंह और सोनू-मोनू गैंग के खिलाफ पुलिस ने तीन FIR दर्ज की हैं।
पप्पू यादव ने दिया तीखा बयान
गैंगवार के बाद बाहुबली अनंत सिंह ने अदालत में सरेंडर किया और उनके साथ सोनू गैंगस्टर ने भी खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। अनंत सिंह ने पटना जिले के बाढ़ कोर्ट में सरेंडर किया और अब उन्हें बेऊर जेल में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने इस घटना पर तीखा बयान देते हुए कहा कि, पहले गोलियां चलीं और फिर दोनों तरफ के अपराधी मीडिया में इंटरव्यू दे रहे थे, पुलिस क्या कर रही थी? सरकार नाम की चीज ही नहीं है बिहार में। थानेदार सब मजे ले रहे हैं।
तीन अलग-अलग FIR दर्ज
इस पूरे घटना में तीन अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। एक एफआईआर ग्रामीणों के आवेदन पर सोनू-मोनू गैंग के खिलाफ, दूसरी एफआईआर सोनू-मोनू की मां उर्मिला देवी के बयान पर अनंत सिंह के खिलाफ और तीसरी एफआईआर पुलिस द्वारा दर्ज की गई है, जिसमें पुलिस के काम में बाधा डालने और फायरिंग से जुड़े आरोप हैं। बता दें कि, पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह और कुख्यात सोनू–मोनू के बीच गैंगवार के मामले में अनंत सिंह पर केस दर्ज हुआ है।