Bareilly- मोबाइल फटने से झुलसी 8 माह की मासूम की मौत
भारत
चेतना मंच
13 Sep 2022 03:50 PM
Bareilly UP- उत्तर प्रदेश राज्य के बरेली (Bareilly) जिले से एक बहुत ही दुखद घटना सामने आई है। यहां एक 8 माह की मासूम की मृत्यु मोबाइल की बैटरी फटने की वजह से हो गई है।
दरअसल यह पूरा मामला है, बरेली (Bareilly) जिले के, फरीदपुर थाना क्षेत्र के, पचौमी गांव का। यहां रहने वाले सुनील और कुसुम की 8 माह की बेटी नेहा का मोबाइल की बैटरी फटने की वजह से देहांत हो गया। यह घटना उस समय घटित हुई जब 8 माह की नेहा चारपाई पर सो रही थी। बच्ची के पिता सुनील दोपहर में खेत से लौटकर आए। इसके बाद उन्होंने अपना फोन चार्जिंग में लगाकर चारपाई के ऊपर छप्पर में लटका दिया।
चार्जिंग में लगे मोबाइल में अचानक जोरदार धमाका हुआ और मोबाइल फटकर चारपाई पर जा गिरा। जिसकी वजह से बिस्तर पर आग लग गई और बिस्तर पर सोई बच्ची बुरी तरह से झुलस गई। बच्चे की रोने की आवाज सुनकर जब तक परिजन उसके पास पहुंचते तब तक बच्ची की पूरी पीठ और दोनों हाथ झुलस चुके थे। आनन-फानन में बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
क्यों बढ़ रही है मोबाइल फटने की घटनाएं -
यह पहला मामला नहीं है जब मोबाइल फोन की बैटरी फटने की वजह से किसी की जान गई हो। इससे पहले भी मोबाइल फोन के ब्लास्ट होने की कई घटनाएं सामने आ चुकी है। अभी 2 दिन पहले भी एक घटना सामने आई थी, जिसमें एक महिला की मृत्यु मोबाइल फोन फटने की वजह से हुई थी। ऐसा नहीं है इन हादसों को टाला नहीं जा सकता था, अगर थोड़ी सी सावधानी बरती जाए तो इस तरह के हादसों का शिकार होने से बचा जा सकता है।
चार्जिंग में लगे मोबाइल फोन के फटने की कई वजह हो सकती है, जिनमें से कुछ खास वजह है -
1. लोकल चार्जर से मोबाइल को चार्ज करना।
2. मोबाइल की बैटरी खराब होने पर लोकल बैटरी का इस्तेमाल करना
3. फोन को बार बार चार्ज करने से भी बैटरी पर दबाव पड़ता है, अतः ध्यान रखना चाहिए कि मोबाइल की बैटरी जब तक 20% या उससे कम न हो जाए तब तक चार्जिंग में न लगाएं।
4. कई बार लोग मोबाइल को चार्जिंग में लगा कर कई घंटों तक ऐसे ही छोड़ देते हैं। जिसकी वजह से इसकी बैटरी गर्म हो जाती है और फटने की आशंका बढ़ जाती है।
उपरोक्त सभी बातों को ध्यान रखा जाए तो हादसों को काफी हद तक टाला जा सकता है।