देश की राजधानी दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की गुरुवार देर रात हत्या कर दी गई। यह वारदात जंगपुरा स्थित भोगल बाजार लेन में हुई जहां स्कूटी हटाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। Huma Qureshi
स्कूटी हटाने को लेकर हुआ झगड़ा
जानकारी के मुताबिक, देर रात जब आसिफ कुरैशी काम से लौटे तो उन्होंने देखा कि उनके घर के बाहर पड़ोसियों की स्कूटी खड़ी है। उन्होंने स्कूटी हटाने के लिए कहा, लेकिन इस पर आरोपियों ने पहले उनसे बहस की और फिर देखते ही देखते तेजधार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आसिफ को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पहले भी हो चुका था झगड़ा
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में दो भाइयों गौतम (18) और उज्जवल (19) को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि मुख्य हमला उज्जवल ने किया था। आसिफ की पत्नी सैनाज कुरैशी ने बताया कि आरोपियों से पहले भी पार्किंग को लेकर विवाद हो चुका था। उन्होंने बताया कि यह हमला सुनियोजित हो सकता है।
मृतक के रिश्तेदारों का कहना है कि यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश थी। आसिफ के रिश्तेदार जावेद ने बताया कि आरोपियों ने पहले भी दो बार झगड़े की कोशिश की थी और ऐसा लगता है कि उन्हें जान से मारने की पहले से योजना थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या की वजहों की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इस घटना ने ना सिर्फ इलाके को दहला दिया है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा कर दिया है कि राजधानी दिल्ली में मामूली विवाद किस तरह से जानलेवा बन जाते हैं। Huma Qureshi