घरों में नौकरानी बनकर चोरी के लिए हवाई जहाज से जाती थी दूसरे शहर
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 12:28 AM
Ghaziabad : गाजियाबाद। घरों में झाड़ू पोछा करने की नौकरी और उसकी आड़ में चोरी। ऐसे किस्से तो आपने बहुत से सुने होंगे, लेकिन यह मामला थोड़ा हटकर है। इस मामले में झाड़ू पोछा करने वाली महिला ने घरों में चोरी से जुटाए रकम से दिल्ली में एक बंगला खरीद लिया। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद इस दिलचस्प मामले का खुलासा हुआ है। यह नौकरानी इतनी शातिर थी कि बहुत ही सफाई से चोरी करती और घर से निकल जाती। अब तक 100 घरों में नौकरानी बनकर काम किया और चोरी के सामान और पैसों से दिल्ली में घर खरीदा। पुलिस ने स्वयं को घरेलू सहायिका बताकर नौकरी पाने के बाद अपने नियोक्ताओं को निशाना बनाने और उनके घरों में चोरी करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि इस महिला ने चोरी के धन से दिल्ली में अपना एक घर बना लिया। पुलिस ने बताया कि यह महिला अपने नियोक्ताओं के घर से सोने के गहने चुराया करती थी। उसने करीब 100 घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उसके खिलाफ केवल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के जिलों में 26 मामले दर्ज हैं। बिहार के भागलपुर की रहने वाली पूनम शाह उर्फ काजल ने दिल्ली, जोधपुर, कोलकाता और गाजियाबाद समेत विभिन्न शहरों में लोगों को निशाना बनाया। जब उसे किसी दूसरे शहर में किसी व्यक्ति को निशाना बनाना होता था, तो वह विमान से सफर करती थी। काजल के खिलाफ गाजियाबाद में उसके नियोक्ता विपुल गोयल के घर से 10 लाख रुपये के जेवर की कथित चोरी का हाल में मामला दर्ज किया गया।
इंदिरापुरम के क्षेत्राधिकारी अभय मिश्रा ने बताया कि काजल को आम्रपाली विलेज सोसाइटी से सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से चोरी किए गए तीन लाख रुपये के सोने के गहने बरामद किए गए हैं। काजल की आयु तीस साल से अधिक है। काजल ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने अपने साथी बंटी की मदद से विपुल के घर चोरी का षड्यंत्र रचा था। उनकी साजिश के अनुसार, काजल ने विपुल गोयल की पत्नी को बातों में लगाया और बंटी ने अलमारी से गहने चुराए। मिश्रा ने बताया कि वे दोनों ऑटो-रिक्शा से सोसाइटी से बाहर निकले और चुराए गए सोने के गहनों को आपस में बांट लिया।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि यहां घरेलू सहायिका के रूप में काम मिलने से पहले, वह दिल्ली के उत्तम नगर में रहती थी। पुलिस ने बताया कि काजल ने स्वीकार किया कि उसने चोरी किए गए जेवर की मदद से दिल्ली के उत्तम नगर में एक भूखंड खरीदा और एक मकान बनाया। काजल ने यह भी स्वीकार किया कि उसने कम से कम 100 घरों में चोरी की है और एनसीआर जिलों में उसके खिलाफ 26 मामले दर्ज हैं। उसने बताया कि वह अन्य शहरों में चोरी करने के लिए विमान से सफर किया करती थी। पुलिस ने कहा कि उसकी अवैध संपत्ति जब्त की जाएगी और उसके खिलाफ सख्त गैंगस्टर अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। मिश्रा ने कहा कि बंटी और चोरी के गहने खरीदने वाला सुनार फरार है, लेकिन उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।