Bharat Jodo Yatra : ध्वजारोहण और रैली के साथ आज होगा ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का समापन
'Bharat Jodo Yatra' will end today with flag hoisting and rally
भारत
RP Raghuvanshi
30 Jan 2023 04:11 PM
श्रीनगर। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का समापन सोमवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में ध्वजारोहण और फिर ‘शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम’ में रैली के साथ होगा। इसमें 20 से अधिक समान विचारधारा वाली पार्टियों को आमंत्रित किया गया है। इससे विपक्षी एकजुटता का संदेश देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
Bharat Jodo Yatra : Rahul Gandhi
बर्फ की चादर से ढक चुके श्रीनगर में होने वाली इस रैली में कई विपक्षी दलों के नेताओं और प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, कुछ प्रमुख विपक्षी दलों की उपस्थिति को लेकर असमंजस की स्थिति भी है।
कांग्रेस के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में तिरंगा फहराएंगे। उसके बाद ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से जुड़े स्मृति चिन्ह का अनावरण करेंगे। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को ऐतिहासिक लाल चौक पर तिरंगा फहराया था। उन्होंने कहा था कि विपक्ष में मतभेद जरूर हैं, लेकिन वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खिलाफ एक साथ खड़ा होगा और लड़ेगा। राहुल ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के समापन समारोह से जुड़ी उस रैली से एक दिन पहले यह टिप्पणी की थी, जिसमें कांग्रेस ने 20 से अधिक विपक्षी दलों को आमंत्रित करके विपक्षी एकजुटता का प्रयास किया है।
Bharat Jodo Yatra : Rally in Srinagar
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि इस रैली में नेशनल कांफ्रेंस, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा), शिवसेना, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और कुछ अन्य दलों के नेताओं और प्रतिनिधियों के हिस्सा लेने की संभावना है। रैली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल होंगे। इसके अलावा फिल्म मेकर विशाल भारद्वाज और उनकी पत्नी और गायिका रेखा भारद्वाज भी शामिल होंगी। हालांकि, रैली में समाजवादी पार्टी (सपा), तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) जैसी पार्टियों के प्रतिनिधियों के शामिल होने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
यह पूछे जाने पर कि कितने विपक्षी दल रैली में शामिल हो रहे हैं, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा था कि इस बारे में आपको कल पता चलेगा।
भारत जोड़ो यात्रा का 135 दिनों के बाद समापन हो रहा है। भारत जोड़ो यात्रा ने 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए 4,080 किलोमीटर की दूरी तय की। इस दौरान राहुल गांधी ने 12 जनसभाओं, 100 से अधिक बैठकों, 13 प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। सात सितंबर 2022 को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई यह यात्रा तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश होते हुए जम्मू-कश्मीर के 75 जिलों से होकर गुजरी है। इसमें 135 दिन लगे हैं।
देश विदेश की खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंच के साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।