Bharat jodo yatra जिनका वर्तमान या भविष्य नहीं है उन्हें इतिहास पर नहीं बोलना चाहिए : यशोमति ठाकुर
Bharat jodo yatra
भारत
RP Raghuvanshi
17 Nov 2022 09:59 PM
Bharat jodo yatra: एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट से संबद्ध लोकसभा सदस्य राहुल शेवाले द्वारा महाराष्ट्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को रोकने की मांग किए जाने के एक दिन बाद कांग्रेस नेता यशोमति ठाकुर ने बृहस्पतिवार को उन पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनका कोई वर्तमान या भविष्य नहीं है उन्हें इतिहास पर नहीं बोलना चाहिए।
Bharat jodo yatra
महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर हिंदुत्व विचारक वी डी सावरकर के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर यात्रा रोकने की शेवाले की मांग पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रही थीं। राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के तहत मंगलवार को वाशिम जिले में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि सावरकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रतीक हैं।
कांग्रेस सांसद ने कहा था, ‘‘वह दो-तीन साल तक अंडमान में जेल में रहे। उन्होंने दया याचिकाएं लिखनी शुरू कीं।’’
शेवाले ने सावरकर के खिलाफ टिप्पणी को लेकर बुधवार को यहां सावरकर मेमोरियल में हिंदुत्व विषय पर आयोजित एक संगोष्ठी में गांधी की आलोचना की और कहा कि दिवंगत स्वतंत्रता सेनानी का अपमान किए जाने की वजह से राज्य में ‘भारत जोड़ो’ यात्रा को रोका जाना चाहिए।
राहुल गांधी के नेतृत्व में हो रही कांग्रेस की पैदल यात्रा वर्तमान में राज्य से होकर गुजर रही है।
ठाकुर ने शेवाले का नाम लिए बिना एक ट्वीट में कहा, 'जिनका कोई वर्तमान या भविष्य नहीं है, उन्हें इतिहास पर नहीं बोलना चाहिए। राहुल गांधी नफरत की फैक्टरी और इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने के खिलाफ बोल रहे हैं। उनकी इस टिप्पणी से आहत संघ परिवार अपने द्वारा रखे गए लोगों को बोलने के लिए कह रहा है।'
शेवाले और 11 अन्य शिवसेना सांसद पार्टी के एकनाथ शिंदे खेमे में शामिल हो गए थे, जिसे अब 'बालासाहेबंची शिवसेना' नाम दिया गया है। इस साल जुलाई में, शिंदे और 39 अन्य शिवसेना विधायकों के विद्रोह के कुछ दिन बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार गिर गई थी।