Bharat Jodo Yatra : भारत जोड़ो यात्रा के लिए कांग्रेस की तैयारियां जोरों पर
Congress preparations in full swing for Bharat Jodo Yatra
भारत
RP Raghuvanshi
01 Jan 2023 11:12 PM
Bharat Jodo Yatra : लखनऊ/गाजियाबाद/बागपत (उप्र)। उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' को लेकर जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। कांग्रेस के नेताओं को भरोसा है कि यह यात्रा राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा करने के साथ-साथ आम जनता को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 'कुशासन' के प्रति जागरूक भी करेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक भारत जोड़ो यात्रा आगामी तीन जनवरी को गाजियाबाद के लोनी के रास्ते उत्तर प्रदेश में दाखिल होगी। लगभग 120 किलोमीटर का फासला तय करते हुए पांच जनवरी को हरियाणा के लिए निकल जाएगी।
Bharat Jodo Yatra
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के मुताबिक यात्रा तीन जनवरी को दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके स्थित हनुमान मंदिर से चलेगी और दोपहर में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दाखिल होगी। उन्होंने बताया कि यात्रा बागपत जिले के मवीकलां गांव में ठहरेगी और उसमें शामिल लोग रात्रि प्रवास करेंगे। उन्होंने बताया कि यात्रा अगले दिन शामली से होकर गुजरेगी और पांच जनवरी को हरियाणा में प्रवेश करेगी।
पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने के लिए दिन-रात एक कर रहे हैं। पार्टी नेताओं ने कहा कि उनका मानना है कि इससे प्रदेश में हाशिए पर पहुंच चुकी कांग्रेस में नई जान आएगी और आम जनता में भाजपा के 'कुशासन' के खिलाफ अलख जागेगी।
कांग्रेस की बागपत इकाई के अध्यक्ष यूनुस चौधरी ने बताया कि उनके जिले में भारत जोड़ो यात्रा डूंडहेरा इलाके से दाखिल होगी और मवीकलां गांव में रात्रि विश्राम करेगी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी एक फार्म हाउस में ठहरेंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा में शामिल अन्य दो-ढाई हजार लोगों के ठहरने की भी व्यवस्था की गई है। रास्ते में जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया जाएगा और राहुल गांधी नुक्कड़ सभाओं को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी तथा यात्रा में उनके अन्य साथी जिले में शिव मंदिर पर दोपहर का भोजन करेंगे।
Bharat Jodo Yatra
यात्रा के प्रशासनिक समन्वय समिति के सदस्य एवं पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने कहा कि कांग्रेस सदस्यों में यात्रा को लेकर नजर आ रहा उत्साह जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रदेश के सभी 75 जिलों के पार्टी कार्यकर्ता इस यात्रा में शामिल हों। कांग्रेस के ब्लॉक इकाई के अध्यक्षों की सूची मांगी गई है और उनके पास भी जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके ठहरने तथा अन्य जरूरतों के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती और राष्ट्रीय लोकदल मुखिया जयंत चौधरी के कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने को लेकर विमुखता के बारे में पूछे जाने पर पुनिया ने कहा कि यह एक 'गैर-राजनीतिक' आयोजन है और इसका स्पष्ट संदेश यह है कि देश में नफरत का खात्मा किया जाए और यहां के लोगों को आपस में जोड़ा जाए।
कांग्रेस प्रवक्ता अशोक सिंह ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश इकाई की प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा भी शामिल होंगी। यात्रा के प्रदेश समन्वयक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने यात्रा के प्रति सहयोग जुटाने के लिए पिछले दिनों प्रदेश के अनेक जिलों का दौरा किया।
गाजियाबाद से मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के सभी सहयोगी संगठन भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने के लिए लोनी इलाके में नुक्कड़ सभाएं कर रहे हैं। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की पदाधिकारी संगीता गर्ग यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए लोनी में ही ठहरी हैं। गाजियाबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजेंद्र यादव ने बताया कि यात्रा के लिए सहयोग जुटाने के उद्देश्य से कांग्रेस द्वारा पिछले चार दिनों के दौरान 400 से ज्यादा नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर पोस्टर, बैनर और होर्डिंग लगाई गई हैं। हालांकि कांग्रेस की यह यात्रा नेहरू गांधी परिवार के गढ़ कहे जाने वाले रायबरेली और अमेठी से होकर नहीं गुजरेगी, मगर यात्रा को लेकर इन दोनों ही जिलों के पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।
राहुल गांधी के पूर्व संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अमेठी के कांग्रेस जिला महामंत्री अनिल सिंह ने बताया कि जिले के 400 कार्यकर्ता यात्रा में शामिल होने के लिए बस से लोनी जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता ट्रेन और अपनी गाड़ियों से भी रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि आगामी 26 जनवरी तक अमेठी के 25 पार्टी कार्यकर्ता भारत जोड़ो यात्रा में शामिल रहेंगे।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली से मिली जानकारी के मुताबिक भारत जोड़ो यात्रा में जिले से करीब 500 पार्टी कार्यकर्ता गाजियाबाद के लोनी पहुंचेंगे। जानकारी के अनुसार जिले के हर विधानसभा क्षेत्र से 11 बस कार्यकर्ताओं को लेकर जाएगी। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग निजी साधनों से भी पहुंचकर यात्रा में शामिल होंगे।