
Bharat Jodo Yatra: वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने के लिए पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। 23 नवंबर को यह यात्रा मध्य प्रदेश बुरहानपुर में प्रवेश करेगी। इससे पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं ने राहुल गांधी को एमपी में न्यौता देने का खास तरीका अपनाया और राहुल गांधी को पीले चावल दिए।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अरुण यादव और सुरेंद्र सिंह शेरा महाराष्ट्र के करोली पहुंचे और पारंपरिक अंदाज में भारत जोड़ो यात्रा के मध्यप्रदेश में प्रवेश करने के लिए निमंत्रण दिया। राहुल गांधी को पीले चावल देकर मध्य प्रदेश आने का निमंत्रण दिया। मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से में किसी को निमंत्रण देने के लिए पीले चावल देने की परंपरा है।
घर-घर से आम जन को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों को निमंत्रण दे रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता अपने साथ पीले चावल लेकर घर-घर पहुंच रहे हैं और भारत जोड़ों यात्रा में शामिल होने के लिए पीले चावल देकर निमंत्रण दे रहे हैं। कांग्रेस पार्टी भारी संख्या में लोगों को यात्रा में शामिल कराने की कोशिश में लगी है।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा महाकाल की नगरी उज्जैन में 29 नवंबर को पहुंच सकती है। इस दौरान राहुल गांधी महाकाल के दर्शन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
आपको बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र में 21 और 22 नवंबर को रुकी रहेगी और 23 नवंबर को मध्य प्रदेश की ओर बढ़ेगी। इसके बाद भारत जोड़ो यात्रा पांच दिसंबर तक मध्यप्रदेश में चलेगी और फिर राजस्थान में प्रवेश करेगी।