हादसे के समय इमारत के निचले हिस्से में कुछ मजदूर काम कर रहे थे जो मलबे में दब गए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि कुछ अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। नारपोली इलाके के भंडारी कंपाउंड में स्थित चार मंजिला कोहिनूर इमारत का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के समय इमारत के निचले हिस्से में कुछ मजदूर काम कर रहे थे जो मलबे में दब गए। पीटीआई के मुताबिक, इस हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हुई है जबकि कुछ अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस, भिवंडी-निजामपुर शहर नगर निगम की टीम, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बचाव दल लगातार मलबा हटाकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा भिवंडी के नारपोली स्थित भंडारी कंपाउंड में हुआ। चार मंजिला कोहिनूर इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। इमारत गिरते ही आसपास के इलाके में धूल का गुबार फैल गया और लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नगर निगम प्रशासन ने इस इमारत को पहले ही सी-कैटेगरी यानी बेहद जर्जर और खतरनाक घोषित किया था। इसके बाद इमारत को खाली करा लिया गया था। हालांकि, खाली कराए जाने के बावजूद इमारत के निचले हिस्से में कुछ मजदूर काम कर रहे थे जो हादसे की चपेट में आ गए।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद एनडीआरएफ की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बचाव अभियान के दौरान एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाले जाने की जानकारी सामने आई है जिसमें एक बच्ची भी शामिल है। बचाई गई बच्ची ने बताया कि हादसे के समय उसके माता-पिता किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे लेकिन वह मलबे में फंस गई थी। इसके बाद बचाव दल ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में देवजी नगर निवासी 32 वर्षीय शमीम शेख का शव बरामद किया गया है। वहीं, अन्य लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। बचाव टीम जेसीबी मशीनों और कटर की मदद से मलबा हटाने का काम कर रही है, ताकि अंदर फंसे लोगों तक जल्द पहुंचा जा सके। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि एक साथ तीन पिलरों को तोड़े जाने के कारण इमारत का संतुलन बिगड़ा और बी-विंग का हिस्सा गिर गया। हालांकि हादसे की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल प्रशासन और राहत टीमें मौके पर मौजूद हैं और मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास लगातार जारी है।
विज्ञापन