Big Accident in Indore : मंदिर में बावड़ी की छत धंसी, अब तक 13 मौत
The roof of the stepwell in the temple caved in, 13 dead so far
भारत
चेतना मंच
30 Mar 2023 10:58 PM
इंदौर। शहर के लिए रामनवमी का दिन बेहद अशुभ रहा। यहां एक मंदिर में बावड़ी (कुआं) की छत धंस गई। 25 से अधिक लोग बावड़ी में गिर गए। इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की खबर है। पुलिस और प्रशासन के लोग बचाव काम में जुटे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मध्य प्रदेश के इंदौर में रामनवमी पर बड़ा हादसा हो गया। यहां एक मंदिर में कुएं पर बनी छत धंस गई। इसके चलते अनुमान के मुताबिक 25 से अधिक लोग कुएं में गिर गए। बावड़ी से अब तक 13 शव निकाले जा चुके हैं। जबकि 19 लोगों को सकुशल निकाल लिया गया। कुएं में अब भी फंसे लोगों को बचाने के लिए पंप के जरिये कुएं के पानी को बाहर निकाला जा रहा है। मौके पर अभी राहत और बचाव का काम युद्ध स्तर पर जारी है।
शहर के स्नेह नगर के पास पटेल नगर में बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर है। यहां रामनवमी पर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा थी। मंदिर परिसर में दोपहर के वक्त हवन हो रहा था। भीड़ से बचने के लिए कुछ लोग मंदिर परिसर में स्थित कुएं की छत पर चढ़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुएं की छत उतने अधिक लोगों का भार नहीं उठा सकी और भरभरा कर गिर गई। इससे कुएं की छत पर चढ़े लोग 50 फीट गहरे कुएं में गिर गए। बताया जाता है कि कुएं की छत करीब 10 साल पहले डाली गई थी।
Big Accident in Indore
बचाव कार्य पर सीएम की नजर
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है। जो लोग फंसे हैं, उन्हें निकालने का प्रयास जारी है। बाहर निकाले गए लोगों को अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। वह खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मध्य प्रदेश सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।