वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन, कई श्रद्धालु मलबे में दबे
Breaking News :
भारत
RP Raghuvanshi
25 Nov 2025 09:33 AM
Big Breaking : जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सोमवार सुबह वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा के दौरान एक बड़ी दुर्घटना हो गई। माता वैष्णो देवी मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर वाणगंगा के पास भूस्खलन हो गया, जिससे एक लोहे का शेड गिर गया और उसके नीचे कई श्रद्धालु दब गए।
चार लोगों को निकाला गया सुरक्षित
घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। अब तक मलबे से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हालांकि अब भी कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर राहत कार्य में जुटी हैं।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से की अपील
भूस्खलन की वजह से वैष्णो देवी यात्रा मार्ग को फिलहाल यात्रियों के लिए बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति सामान्य होने तक यात्रा टालें और आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें इलाके में हो रही भारी बारिश और उसके साथ हुए भूस्खलन के दृश्य साफ नजर आ रहे हैं।
फंसे हुए श्रद्धालुओं को निकालने की पूरी कोशिश
इससे पहले, अमरनाथ यात्रा मार्ग पर भी खराब मौसम के चलते सेना को राहत एवं बचाव कार्यों में उतरना पड़ा था। भारतीय सेना ने फिर एक बार अपनी तत्परता दिखाते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मोर्चा संभाला है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और हर संभव प्रयास कर रहा है कि फंसे हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला जा सके। जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी हम आपको अपडेट देते रहेंगे।